पश्चिमी चंपारण में गंडक नदी में पैर फिसलने से चार वर्षीय बच्चा डूबा, तलाशने में जुटी एसडीआरएफ
पश्चिमी चंपारण के भितहा में गंडक नदी किनारे खेलते समय चार वर्षीय बच्चा श्याम गिरी गहरे पानी में गिरकर लापता ...और पढ़ें

एसडीआरएफ की टीम ने नदी में लापता बच्चे की तलाश शुरू कर दी।
संवाद सूत्र, भितहा (पश्चिमी चंपारण)। West Champaran Child Missing: पश्चिमी चंपारण के भितहा प्रखंड क्षेत्र में गंडक नदी किनारे खेलते समय पैर फिसलने से चार वर्षीय बच्चा गहरे पानी में गिरकर लापता हो गया।
घटना गुरुवार की दोपहर चंद्रपुर गांव के समीप हुई। लापता बच्चे की पहचान गांव निवासी मुकेश गिरी के चार वर्षीय पुत्र श्याम गिरी के रूप में हुई है।
खेलते समय नदी में गिरा
स्थानीय मुखिया प्रति मजार हुसैन के अनुसार, गुरुवार सुबह करीब 11 बजे श्याम गिरी गांव के अन्य बच्चों के साथ गंडक नदी के किनारे खेलने गया था।
इसी दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह नदी में गिरकर लापता हो गया। साथ खेल रहे बच्चों ने घटना की जानकारी ग्रामीणों और स्वजन को दी।
इसके बाद ग्रामीण और स्वजन आनन-फानन में नदी किनारे पहुंचे और बच्चे की तलाश शुरू कर दी। घटना की सूचना मिलने पर सीओ अमरदीप कुमार पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे। इसके बाद एसडीआरएफ की टीम ने नदी में लापता बच्चे की तलाश शुरू की।
एसडीआरएफ कर रही तलाश
एसडीआरएफ टीम के घटनास्थल पर पहुंचने में देरी को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी भी देखी गई। स्थानीय लोग भी नदी किनारे जुटे रहे और बच्चे की तलाश में सहयोग करते रहे। काफी प्रयास के बावजूद बच्चे का पता नहीं चल सका है।
सीओ ने बताया कि बच्चे की तलाश जारी है। चार वर्षीय श्याम गिरी तीन भाइयों में सबसे छोटा है। मासूम के नदी में लापता होने से स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है और परिवार में मातम पसरा है।
यह भी पढ़ें- समस्तीपुर: बाया नदी में स्नान करते समय युवक डूबा, चाची की वर्षी पर हुआ हादसा
