विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

समस्तीपुर: बाया नदी में स्नान करते समय युवक डूबा, चाची की वर्षी पर हुआ हादसा

Published: Wed, 14 Oct 2026 04:23 PM (IST)

समस्तीपुर के विद्यापतिनगर में बाया नदी में स्नान के दौरान एक 35 वर्षीय युवक गहरे पानी में डूब गया। यह ...और पढ़ें

घटनास्थल के पास बैठे ग्रामीण।

घटनास्थल के पास बैठे ग्रामीण।

HighLights

  1. समस्तीपुर में बाया नदी में युवक डूबा।

  2. चाची की वर्षी पर स्नान के दौरान हादसा।

  3. स्थानीय गोताखोर और अधिकारी तलाश में जुटे।

संवाद सहयोगी, विद्यापतिनगर (समस्तीपुर)। Samastipur Baya River: थाना क्षेत्र की मऊ धनेशपुर दक्षिण पंचायत स्थित अखाड़ा घाट पर बुधवार को बाया नदी में स्नान करने के दौरान 35 वर्षीय युवक गहरे पानी में डूब गया।

युवक अपनी चाची के वर्षी क्रियाकर्म के सिलसिले में स्वजनों के साथ नदी में स्नान करने गया था। निर्माणाधीन पुल के पाया संख्या चार के समीप वह गहरे पानी में चला गया और डूब गया।

स्थानीय गोताखोर तलाश में जुटे

लापता युवक की पहचान मऊ धनेशपुर दक्षिण पंचायत के वार्ड संख्या 10 निवासी श्यामदेव साह के पुत्र राजीव कुमार साह उर्फ राजू (35) के रूप में हुई है।

घटना के बाद घाट पर अफरातफरी मच गई और स्वजन व स्थानीय लोगों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद स्थानीय गोताखोरों को नदी में उतारकर युवक की तलाश शुरू की गई।

राजीव के नदी में डूबने की सूचना मिलते ही विद्यापतिनगर थानाध्यक्ष सूरज कुमार और अंचलाधिकारी कुमार हर्ष घटनास्थल पर पहुंचे।

अधिकारियों ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से चल रहे तलाशी अभियान की जानकारी ली। घटना के करीब तीन घंटे बाद भी सरकारी स्तर पर बचाव अभियान शुरू नहीं हो सका था।

एसडीआरएफ की नाव का इंतजार

मुखिया दिनेश प्रसाद सिंह ने बताया कि थानाध्यक्ष और अंचलाधिकारी सूचना मिलने पर घटनास्थल पहुंचे थे। कुछ देर बाद दोनों एसडीआरएफ की नाव के लिए उजियारपुर से तेल का कूपन आने की बात कहकर लौट गए। समाचार लिखे जाने तक सरकारी स्तर पर बचाव अभियान शुरू नहीं हो सका था और राजीव का कोई सुराग नहीं मिला था।

घटना के बाद घाट पर लोगों की भीड़ जुटी रही। राजीव के स्वजन अनहोनी की आशंका से परेशान हैं और उसके सकुशल मिलने की उम्मीद लगाए हुए हैं।

युवक की खोज के लिए एसडीआरएफ की टीम को बुलाए जाने की जानकारी दी गई है, जबकि स्थानीय गोताखोर लगातार नदी में उसकी तलाश कर रहे हैं।

यह भी पढ़ें- लखीसराय में पसरा मातम! डीह पिपरिया में गंगा स्नान के दौरान गहरे पानी में डूबा 14 साल का किशोर, पुलिस ने निकाला शव