भैरोगंज पुलिस के आगे-आगे दौड़ता रहा ओवरलोड ट्रक, नहीं हुई कोई कार्रवाई; जनता ने उठाए सवाल
भैरोगंज में पुलिस वाहन के आगे ओवरलोड ट्रक के बेरोकटोक चलने पर कोई कार्रवाई नहीं हुई, जिससे प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठ रहे हैं।

पुलिस के आगे-आगे दौड़ता रहा ओवरलोड ट्रक
HighLights
पुलिस वाहन के आगे ओवरलोड ट्रक का बेरोकटोक परिचालन।
भैरोगंज पुलिस की मौजूदगी में भी कोई कार्रवाई नहीं हुई।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए।
पंचायत सूत्र, नड्डा। भैरोगंज थाना क्षेत्र में ओवरलोड वाहनों के परिचालन को लेकर प्रशासन की कार्यशैली चर्चा का विषय बन गई है। भैरोगंज से भोलापुर जाने वाली मुख्य सड़क पर एक ओवरलोड ट्रक पुलिस वाहन के आगे चलता दिखाई दिया, जबकि उसके पीछे भैरोगंज थाना की पुलिस गाड़ी मौजूद थी।
इसके बावजूद ट्रक को न तो रोका गया और न ही उसके खिलाफ किसी प्रकार की कार्रवाई होती नजर आई। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाने शुरू कर दिए हैं।
पुलिस की मौजूदगी के बावजूद ट्रक की जांच नहीं
जानकारी के अनुसार, डाबड़ा चौक के पास एक भारी ओवरलोड ट्रक भैरोगंज की ओर से भोलापुर की तरफ जा रहा था। उसी दौरान उसके पीछे पुलिस की गाड़ी भी चल रही थी। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि पुलिस की मौजूदगी के बावजूद ट्रक की जांच नहीं की गई, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ गई है।
राहगीर भुवाल यादव, कमलेश यादव, पप्पू यादव, तेज प्रताप सिंह, गोलू सिंह, रवि रंजन सिंह, राकेश साह और कमलेश बिन समेत अन्य लोगों ने बताया कि क्षेत्र में लगातार ओवरलोड वाहनों का परिचालन हो रहा है। इससे सड़कों को नुकसान पहुंच रहा है और दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी रहती है।
बड़े ओवरलोड वाहनों को नजरअंदाज
उनका आरोप है कि प्रशासन अक्सर छोटे वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई करता है, जबकि बड़े ओवरलोड वाहनों को नजरअंदाज कर दिया जाता है।
ग्रामीणों का कहना है कि प्रशासन की मौजूदगी में यदि नियमों का खुलेआम उल्लंघन करने वाले वाहनों पर कार्रवाई नहीं होती है तो इससे आम जनता के बीच गलत संदेश जाता है और कानून व्यवस्था की निष्पक्षता पर भी सवाल खड़े होते हैं।
इस संबंध में भैरोगंज थानाध्यक्ष सीता केवट से पक्ष जानने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो सका।
