विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बिहार पुलिस में बड़ा फेरबदल: बेतिया के 12 थानाध्यक्ष बदले, महत्वपूर्ण थानों में होगी पोस्टिंग 

Published: Sat, 19 Sep 2026 03:47 PM (IST)

बेतिया में एसएसपी कुमार गौतम ने पुलिसिंग में बड़ा बदलाव करते हुए तीन दिनों में 12 थानाध्यक्षों का तबादला किया है।

सांकेतिक तस्वीर। फाइल फोटो

सांकेतिक तस्वीर। फाइल फोटो

HighLights

  1. एसएसपी कुमार गौतम ने 12 थानाध्यक्षों का तबादला किया।

  2. नगर, चनपटिया, साठी सहित महत्वपूर्ण थाने प्रभावित।

  3. नई टीम के सामने अपराध नियंत्रण और लंबित मामलों की चुनौती।

जागरण संवाददाता, बेतिया। जिले की पुलिसिंग में हाल के दिनों में बड़ा बदलाव हुआ है। योगदान के करीब तीन माह बाद एसएसपी कुमार गौतम ने तीन दिनों के भीतर 12 थानाध्यक्षों को बदलकर नए अधिकारियों की तैनाती की है। इनमें नगर, चनपटिया, साठी और मैनाटांड़ जैसे महत्वपूर्ण थाने शामिल हैं।

सीमाई थानों सहोदरा व मानपुर तथा दियारा क्षेत्र वाले नौतन, नवलपुर और श्रीनगर में भी कमान बदली गई है। नगर क्षेत्र के कालीबाग और बानुछापर थानों में भी नए थानाध्यक्ष आए हैं। करीब दो सप्ताह पहले मुख्यालय स्तर से नरकटियागंज और सदर टू अनुमंडल में नए एसडीपीओ की तैनाती हुई थी।

नरकटियागंज में आईपीएस अधिकारी को एसडीपीओ बनाया गया है। अनुमंडल से थाना स्तर तक हुए बदलाव के बाद अब नई टीम के सामने क्षेत्र को समझकर प्राथमिकताएं तय करने की चुनौती होगी।

किस इलाके में किस तरह का अपराध अधिक हो रहा है, कौन अपराधी सक्रिय हैं, कहां गश्ती मजबूत करने की जरूरत है और कौन से कांड लंबित हैं, नए अधिकारियों को इसकी समीक्षा करनी होगी। सीमाई इलाकों में सीमा पार की गतिविधियों पर नजर और दियारा क्षेत्रों में पुलिस की पहुंच व गश्ती प्रमुख चुनौती होगी।

लंबित कांड और वारंटियों की भी होगी समीक्षा

नए थानेदारों के कामकाज की अहम कसौटी लंबित कांडों के निष्पादन और फरार आरोपितों की गिरफ्तारी होगी। पुराने मामलों की समीक्षा के साथ वारंटियों की गिरफ्तारी, नियमित गश्ती और आपराधिक गतिविधियों पर निगरानी उनकी प्राथमिकता में रहेगी। शिकायतकर्ताओं की सुनवाई और घटना की सूचना पर पुलिस की त्वरित पहुंच से भी थाना स्तर की कार्यशैली का आकलन होगा।

बड़े क्षेत्र वाले थानों में चुनौती ज्यादा

चनपटिया और साठी में बड़े ग्रामीण क्षेत्र के साथ बाजार व प्रमुख मार्ग हैं। मानपुर, सहोदरा और मैनाटांड़ सीमाई क्षेत्र से जुड़े हैं, जबकि श्रीनगर, नवलपुर और नौतन में दियारा क्षेत्र के कारण पुलिसिंग की अलग चुनौती है। शिकारपुर जैसे महत्वपूर्ण थाने में भी कुछ माह पहले नए थानाध्यक्ष ने जिम्मेदारी संभाली है।

यह भी पढ़ें- गया जंक्शन पर बड़ी कार्रवाई: 23 किलो पोपी हस पाउडर के साथ दो तस्कर गिरफ्तार