गया जंक्शन पर बड़ी कार्रवाई: 23 किलो पोपी हस पाउडर के साथ दो तस्कर गिरफ्तार
गया जंक्शन पर आरपीएफ और जीआरपी की संयुक्त टीम ने पितृपक्ष मेला के मद्देनजर कड़ी सुरक्षा के दौरान दो युवकों को 23.396 किलोग्राम पोपी हस पाउडर के साथ गिरफ्तार किया।
-1789811318328_m.webp)
पुलिस ने तस्कर को किया गिरफ्तार। फोटो जागरण
HighLights
गया जंक्शन पर 23.396 किलो पोपी हस पाउडर जब्त।
आरपीएफ-जीआरपी की संयुक्त टीम ने दो तस्करों को पकड़ा।
पितृपक्ष मेला सुरक्षा के तहत की गई यह कार्रवाई।
जागरण संवाददाता, गयाजी। पितृपक्ष मेला को लेकर गया जंक्शन पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। इसी क्रम में शुक्रवार की रात आरपीएफ और जीआरपी की संयुक्त टीम ने प्लेटफार्म संख्या 1बी के दिल्ली छोर से दो युवकों को संदिग्ध अवस्था में पकड़ा।
तलाशी के दौरान दोनों के पास मौजूद पिट्ठू बैग से 23.396 किलोग्राम पाेपी हस पाउडर बरामद किया गया। बरामद मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत 3,50,940 रुपए बताई गई है। कार्रवाई आपरेशन नारकोस के तहत की गई।
आरपीएफ के टीम और जीआरपी की संयुक्त टीम पितृपक्ष मेला को देखते हुए गया जंक्शन पर आपराधिक गतिविधियों की निगरानी के लिए गश्त कर रही थी। इसी दौरान प्लेटफार्म संख्या 1बी के दिल्ली छोर पर दो युवक अपने-अपने पिट्ठू बैग के साथ संदिग्ध अवस्था में बैठे दिखाई दिए।
संदेह होने पर दोनों से पूछताछ की गई। पूछताछ में युवकों ने अपनी पहचान 23 वर्षीय सुजीत कुमार, पिता अर्जुन दास, ग्राम कुसैया, वार्ड संख्या चार, पोस्ट रामपुर कुसहिया, थाना वारिसनगर, जिला समस्तीपुर तथा 24 वर्षीय अभिषेक कुमार यादव, पिता शंकर राय यादव, विशुनपुरा, थाना मसरख, जिला छपरा के रूप में बताई।
चार पैकेट में मिला मादक पदार्थ
पूछताछ के दौरान दोनों ने बैग में मादक पदार्थ होने की जानकारी दी। इसके बाद वरीय अधिकारियों को सूचना दी गई। सहायक सुरक्षा आयुक्त संजय कुमार सिंह के घटनास्थल पर पहुंचने के बाद नियमानुसार तलाशी ली गई।
दोनों के बैग से कुल चार पैकेट बरामद किए गए। इनमें दो-दो पैकेट दोनों युवकों के पास थे। पारदर्शी प्लास्टिक की थैलियों में रखे पदार्थ का कुल वजन 23.396 किलोग्राम पाया गया।
चतरा से पटना ले जाने की बात
आरपीएफ के अनुसार, पूछताछ में गिरफ्तार दोनों युवकों ने बताया कि वे मादक पदार्थ को चतरा, झारखंड से पटना ले जाने के लिए सड़क मार्ग से गया जंक्शन पहुंचे थे। यहां से ट्रेन पकड़कर पटना जाने की तैयारी थी। हालांकि, इससे पहले ही संयुक्त टीम की नजर उन पर पड़ गई और दोनों को पकड़ लिया गया।
जीआरपी में दर्ज हुआ मामला
मौके पर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरपीएफ पोस्ट गया के उप निरीक्षक विकास कुमार ने लिखित शिकायत जीआरपी गया को सौंपी। इसके आधार पर जीआरपी थाना में केस दर्ज किया गया है। मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।
पितृपक्ष को लेकर बढ़ाई गई निगरानी
पितृपक्ष मेला 25 सितंबर से शुरू होना है। मेले में देश के विभिन्न हिस्सों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आने को देखते हुए गया जंक्शन पर सुरक्षा और निगरानी बढ़ाई गई है।
आरपीएफ और जीआरपी की टीमें प्लेटफार्म, प्रवेश-निकास क्षेत्र और संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रख रही हैं। रेल अधिकारियों के निर्देश पर की गई इस कार्रवाई को इसी निगरानी अभियान की कड़ी के रूप में देखा जा रहा है।
यह भी पढ़ें- RSS का बदलेगा सांगठनिक ढांचा, उत्तर बिहार में मोतिहारी और मुजफ्फरपुर समेत बनेंगे चार नए संभाग
