विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बेतिया में दूसरे दिन भी अतिक्रमण पर चला निगम का बुलडोजर, 100 दुकानों के शेड-जाफरी तोड़े

Published: Thu, 10 Sep 2026 04:20 PM (GMT+05:30)

नगर निगम ने बेतिया में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया, जिसमें समाहरणालय चौक से संत कबीर चौक तक 100 से अधिक दुकानों के अस्थायी निर्माण तोड़े गए।

बेतिया में दूसरे दिन भी अतिक्रमण पर चला निगम का बुलडोजर, 100 दुकानों के शेड-जाफरी तोड़े

बेतिया में दूसरे दिन भी अतिक्रमण पर चला निगम का बुलडोजर, 100 दुकानों के शेड-जाफरी तोड़े

HighLights

  1. नगर निगम ने बेतिया में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया।

  2. करीब 100 दुकानों के अस्थायी निर्माण ध्वस्त किए गए।

  3. अतिक्रमणकारियों में हड़कंप, कई ने खुद सामान हटाया।

जागरण संवाददाता, बेतिया। नगर की सड़कों और नालों को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए नगर निगम ने गुरुवार को अभियान शुरू किया। निगम की टीम पुलिस बल के साथ समाहरणालय चौक पहुंची और यहां से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू हुई। टीम ने जेसीबी से सड़क किनारे और नाला पर बनाए गए अस्थाई निर्माण को हटाना शुरू किया।

समाहरणालय चौक से मोहर्रम चौक, सर्किट हाउस, सागर पोखरा, आलोक भारती चौक, मिरचईया पुल, मीना बाजार, संत कबीर चौक तक सड़क किनारे से अतिक्रमण हटाया गया। करीब सौ दुकानों के जाफरी, शेड, बैनर,पोस्टर समेत अन्य अस्थाई निर्माण को तोड़ा गया।

कार्रवाई के दौरान निगम की टीम ने करीब दो ट्रेलर सामान जब्त किया है। जब्त सामान में दो पंप सेट, एक ठेला, दुकानों के जाफरी, सब्जियां आदि है। अभियान के दौरान कार्रवाई देखने के लिए सड़क किनारे लोगों की भीड़ लग गई। नगर निगम की कार्रवाई से अतिक्रमणकारियों में हड़कंप की स्थिति रही।

कई दुकानदार कार्रवाई शुरू होते ही खुद ही अपने सामान समेटने लगे और अपने-अपने सामान को सुरक्षित स्थान पर ले जाते दिखे। अभियान के दौरान स्वच्छता प्रभारी अशफाक अहमद, आर्किटेक्ट मो. सहनवाज, स्वच्छता निरीक्षक जुलुम साह, घारी प्रभारी तबरेज आलम समेत निगम के कई कर्मचारी और पुलिस बल मौजूद रहे।

जेसीबी गरजी तो खुद सामान समेटने लगे दुकानदार

अतिक्रमण हटाने के लिए जैसे ही नगर निगम की जेसीबी सड़क पर उतरी, दुकानदारों में अफरातफरी मच गई। जिन दुकानों के आगे शेड, जाफरी और अन्य सामान सड़क या नाला किनारे तक फैले थे, उनके दुकानदार खुद ही सामान समेटने में जुट गए।

कोई सामान अंदर ले जाता दिखा तो कोई ठेला और अन्य सामग्री हटाता नजर आया। निगम की टीम के साथ पुलिस बल भी मौजूद था, जिससे अभियान के दौरान किसी तरह की अप्रिय स्थिति उत्पन्न नहीं हुई।

एक छोर से दूसरे छोर तक चला अभियान

नगर निगम की टीम ने समाहरणालय चौक से अभियान की शुरुआत की। इसके बाद मोहर्रम चौक, सर्किट हाउस, सागर पोखरा, आलोक भारती चौक और मिरचईया पुल होते हुए संत कबीर चौक तक सड़क व नाला किनारे से अतिक्रमण हटाया गया।

करीब तीन घंटे की कार्रवाई में निगम की टीम एक छोर से बीच शहर तक पहुंच गई। गौरतलब है कि जिन इलाके से अतिक्रमण हटाया गया, वहां से पहले भी अतिक्रमण हटाया जा चुका है।

अतिक्रमण हटाने के कुछ दिनों के बाद लोग दोबारा कब्जा कर लेते हैं। निगम के पदाधिकारियों ने बताया कि अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।