बेतिया से अगवा महिला की नेपाल में हत्या, बैरिया का युवक गिरफ्तार, बच्ची लापता
बेतिया से चार माह पूर्व अगवा की गई रुचि खातून उर्फ अफरीना परवीन की नेपाल में हत्या कर दी गई ...और पढ़ें

नगर थाने की पुलिस ने बीती रात छापेमारी कर किया गिरफ्तार। प्रतीकात्मक फोटो
जागरण संवाददाता, बेतिया (पश्चिम चंपारण)। Bettiah Missing Woman Murder: नगर के मीना बाजार से चार माह पूर्व छह माह की बच्ची के साथ अगवा की गई विवाहित रुचि खातून उर्फ अफरीना परवीन (22) की नेपाल में हत्या कर दी गई है।
हालांकि उसकी छह माह की बच्ची का अब तक कोई पता नहीं चल सका है। नेपाल पुलिस ने छह अगस्त को हथौड़ा के जंगल से बोरी में भरा एक महिला का शव बरामद किया था।
महिला का शव बरामद होने की सूचना के बाद नगर थाना पुलिस की बेचैनी बढ़ गई। आनन-फानन में नगर थाने की पुलिस ने बीती रात छापेमारी कर बैरिया थाना क्षेत्र के सिसवा सरेया निवासी राहुल कुमार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपित से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस इंस्पेक्टर मिथिलेश कुमार ने बताया कि 21 अप्रैल को महिला के अपहरण को लेकर नगर थाने में प्राथमिकी दर्ज हुई थी। अब उसकी नेपाल में हत्या होने की सूचना मिली है। इस मामले में एक युवक को गिरफ्तार किया गया है।
मृतका के भाई सलमान आलम ने बताया कि 18 अगस्त को नेपाल पुलिस बेतिया आई थी और शव बरामद किए जाने की सूचना दी। इसके बाद स्वजन नेपाल गए और शव की पहचान अपनी बहन के रूप में की। चूड़ी, लहठी और कपड़ों के आधार पर शव की पहचान की गई।
महिला के साथ अगवा की गई छह माह की बच्ची का अब तक कोई पता नहीं चला है। पुलिस गिरफ्तार युवक से पूछताछ कर मामले की जांच में जुटी है।
