बेतिया में कालीबाग मनुआपुल सड़क का कायाकल्प, 7 37 करोड़ से डबल लेन सड़क और नाले का निर्माण
Kalibagh to Manuapul Road: बेतिया में कालीबाग ओपी से मनुआपुल तक 7.37 करोड़ रुपये की लागत से 20 फीट चौड़ी ...और पढ़ें

गुरुवार को महापौर की उपस्थिति में नगर निगम और बुडको की संयुक्त टीम ने निर्माण कार्य के लिए स्थल की मार्किंग का काम पूरा किया।
जागरण संवाददाता, बेतिया (पश्चिमी चंपारण)। Kalibagh to Manuapul Road: जिले में वर्षों से बदहाल कालीबाग ओपी से जमादार टोला होते हुए मनुआपुल तक की सड़क की सूरत अब जल्द बदलने वाली है।
इस मार्ग पर 7.37 करोड़ रुपये की लागत से 20 फीट चौड़ी डबल लेन पीसीसी सड़क और चार फीट चौड़े आरसीसी नाले के निर्माण की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है।
गुरुवार को महापौर गरिमा देवी सिकारिया की उपस्थिति में नगर निगम और बुडको की संयुक्त टीम ने निर्माण कार्य के लिए स्थल की मार्किंग का काम पूरा किया।
जलजमाव और जर्जर सड़क से राहत
महापौर ने जानकारी दी कि मुख्यमंत्री शहरी समग्र विकास योजना के तहत इस महत्वाकांक्षी परियोजना को स्वीकृति दिलाई गई है, जिसके लिए वह लंबे समय से प्रयासरत थीं।
इस सड़क और नाले के बन जाने से स्थानीय कालीबाग, जमादार टोला और मनुआपुल के नागरिकों को खराब रास्तों तथा जलजमाव की गंभीर समस्या से बड़ी राहत मिलेगी।
आवागमन सुगम होने के साथ-साथ जल निकास की व्यवस्था भी बेहतर हो जाएगी।
18 महीने में पूरा होगा कार्य
ई-टेंडरिंग प्रक्रिया के जरिए इस परियोजना के लिए मेसर्स एमएनटी डेवलपर्स लिमिटेड को सबसे कम दर पर निर्माण एजेंसी के रूप में चुना गया है।
एजेंसी के साथ हुए अनुबंध के मुताबिक पूरे निर्माण कार्य को आगामी 18 महीने के भीतर पूरा किया जाना है। इस सड़क के जरिए कालीबाग क्षेत्र को नेशनल हाईवे (NH-727) की बेहतरीन कनेक्टिविटी भी प्राप्त होगी, जिससे यातायात व्यवस्था और अधिक मजबूत बनेगी।