6 बेटियां और 20 दिन के नवजात के सिर से उठा पिता का साया, छठू ने बेतिया GMCH की तीसरी मंजिल से कूदकर दी जान
बेतिया के गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज अस्पताल में एक मरीज ने तीसरी मंजिल से कूदकर जान दे दी। मृतक छठू पासवान ...और पढ़ें
-1792988001258_m.webp)
सांकेतिक तस्वीर
HighLights
बेतिया GMCH में मरीज ने तीसरी मंजिल से कूदकर जान दी।
मृतक छठू पासवान की मानसिक स्थिति ठीक नहीं बताई गई।
परिवार में पत्नी, छह बेटियां और 20 दिन का नवजात बेटा।
जागरण संवाददाता, बेतिया। गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज अस्पताल (जीएमसीएच) के सी ब्लॉक स्थित तीसरे तल्ले से रविवार की रात कूदने से एक मरीज की मौत हो गई। मृतक की पहचान बैरिया थाना क्षेत्र के तधवनंदपुर गांव के वार्ड संख्या आठ निवासी छठू पासवान (37), पिता खेसारी पासवान के रूप में हुई है।
वह शुक्रवार से अस्पताल में भर्ती था। तीसरे तल्ले स्थित आइसोलेशन वार्ड में उसका इलाज चल रहा था। परिजनों के अनुसार, उसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी।
मृतक के बड़े भाई महातम पासवान ने बताया कि रविवार की रात वे और उनका भतीजा सूरज पासवान वार्ड में छठू के साथ थे। रात में खाना खाने के बाद तीनों बातचीत कर रहे थे। इस दौरान छठू ने कहा कि आप लोग तीन दिनों से जाग रहे हैं, सो जाइए। इसके बाद दोनों सो गए।
रात करीब 12 बजे जब वे जगे तो छठू अपने बेड पर नहीं था। दोनों उसकी तलाश करने लगे। इसी बीच तेज आवाज के साथ किसी के गिरने की आवाज सुनाई दी। ड्यूटी पर तैनात सुरक्षा गार्ड दौड़कर मौके पर पहुंचे तो सी ब्लॉक के मुख्य द्वार के सामने एक व्यक्ति खून से लथपथ पड़ा था।
परिजनों ने पास जाकर देखा तो वह छठू पासवान था। तीसरे तल्ले से गिरने के कारण उसकी मौत हो गई थी। घटना के बाद परिजनों में चीख-पुकार मच गई।
20 दिन पहले हुआ था बेटे का जन्म
छठू पासवान छह भाइयों में सबसे छोटा था। उसके परिवार में पत्नी माधुरी देवी और छह बेटियां हैं। करीब 20 दिन पहले ही उसके घर बेटे का जन्म हुआ था।
परिवार में नवजात के आने की खुशियां अभी फीकी भी नहीं पड़ी थीं कि इस घटना ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। सात बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
