विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बिहार में शादी कराने के नाम पर चल रहा फ्रॉड, दूसरे राज्यों के लड़के हो रहे शिकार

Published: Mon, 26 Oct 2026 09:32 AM (IST)

मधेपुरा जिले में शादी के नाम पर दूसरे राज्यों के युवकों को ठगने वाला गिरोह सक्रिय है, जहां उनसे रुपये ऐंठे जाते हैं और मारपीट भी की जाती है।

सांकेतिक तस्वीर

सांकेतिक तस्वीर

HighLights

  1. मधेपुरा में शादी के नाम पर ठगी का गिरोह सक्रिय है।

  2. दूसरे राज्यों के युवकों को निशाना बनाकर रुपये ऐंठे जाते हैं।

  3. चार माह में तीन मामले दर्ज, पुलिस ने की गिरफ्तारियां।

संतोष कुमार झा, मधेपुरा। जिले में दूसरे राज्यों के युवकों को बुलाकर शादी करने के नाम पर ठगी करने वाला गिरोह इन दिनों सक्रिय है। रुपये ऐंठने और मारपीट के आरोपों के भी मामले सामने आ रहे हैं। चार माह में तीन केस दर्ज हुए हैं।

रतवारा थाना क्षेत्र के ताजा मामले में उत्तर प्रदेश निवासी रंजीत ने आरोप लगाया कि शादी का झांसा देकर उसे बुलाया गया, 70-80 हजार रुपये मांगे गए और करीब 20 हजार रुपये छीनकर मारपीट भी की गई।

पुलिस ने चार लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर नामजद दो महिलाओं को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा है।

इसी तरह अगस्त में मध्य प्रदेश के एक परिवार ने शादी के बाद 25 हजार रुपये और जेवर ले जाने का आरोप लगाते हुए आलमनगर थाने में केस दर्ज कराया था।

जुलाई में राजस्थान के दूल्हे के स्वजन ने 1.25 लाख रुपये लेने, मारपीट और 70 हजार रुपये ट्रांसफर कराने की आलमनगर थाना में ही शिकायत की थी।

केस : 1

ताजा मामला रतवारा थाना क्षेत्र का है। रतवारा में 16 अक्टूबर को चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई और दो महिलाओं को गिरफ्तार किया गया।

उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले के राजपुरा निवासी रंजीत ने शिकायत में कहा कि बिहार में शादी कराने का भरोसा देकर उसे बुलाया गया।

रतवारा वार्ड संख्या एक निवासी सीता देवी, मुरौत वार्ड संख्या 13 निवासी मुन्नी देवी और अन्य लोगों पर सुंदर लड़की से शादी कराने का प्रलोभन देने का आरोप है।

रंजीत 16 अक्टूबर को घर से निकला और 18 अक्टूबर को मानसी रेलवे स्टेशन पहुंचा। वहां नाग शंभू पासवान और आटो चालक राजा पासवान उसे सीता देवी के घर ले गए।

रंजीत के अनुसार, रात में उसे दो-तीन लड़कियां दिखाई गईं और 70 से 80 हजार रुपये मांगे गए। 19 अक्टूबर को बाजार में करीब 15 हजार रुपये के कपड़े खरीदवाए गए।

इनमें 3,800 रुपये मोबाइल से और शेष नकद दिए गए। बाद में कपसिया दुर्गा मेला ले जाकर रुपये देने का दबाव बनाया गया और मारपीट कर करीब 20 हजार रुपये छीन लिए गए। रंजीत ने रतवारा थाने में शिकायत की।

केस : 2

अगस्त में मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले के राजनगर निवासी राजन कुमार ने आलमनगर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। आरोप था कि खगड़िया के पहाड़पुर निवासी मनोहर कुमार ने उनके भाई की शादी कराने का भरोसा दिया।

तीन अगस्त को राजन मां और रिश्तेदारों के साथ खगड़िया पहुंचे। एक महिला के फोन के बाद उन्हें खुरहान से आलमनगर बाजार ले जाकर 34,500 रुपये का सामान खरीदवाया गया।

भाई संजू की शादी के बाद परिवार से 25 हजार रुपये जबरन लेने और लड़की को दिए सोने-चांदी के जेवर रख लेने का आरोप लगा। पंडित बबलू मंडल, जितेंद्र समेत अन्य लोगों की संलिप्तता भी बताई गई।

केस : 3

जुलाई में राजस्थान के भवानी शंकर और परिजनों ने भी ठगी व मारपीट की शिकायत की थी। आरोप के मुताबिक, आकहा गांव में शादी की रस्मों के बाद उनसे 1.25 लाख रुपये लिए गए।

लौटते समय दुल्हन को ले जाया गया और विरोध पर राकेश कुमार गंभीर रूप से घायल हुए। दूल्हे और उनके भाई को बंधक बनाकर 70 हजार रुपये दोबारा ट्रांसफर कराने के बाद तिलाठी चौक के पास छोड़ दिया गया।

यह भी पढ़ें- सिवान पटाखा कांड: 3 दिन बाद अमरुद्दीन की पत्नी-बहू और पोती गोपालगंज में मिलीं, घर पर चलेगा बुलडोजर 

यह भी पढ़ें- पुल नहीं तो वोट नहीं, जमुई के जतहर में चचरी के सहारे जिंदगी, हालात देखने नदी पार पहुंचे विधायक प्रफुल्ल मांझी