बिहार के पश्चिमी चंपारण में 20 यात्रियों से भरी बस पलटी, सड़क किनारे मची चीख-पुकार
पश्चिम चंपारण के मैनाटांड़ प्रखंड में मंगलवार सुबह यात्रियों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर पलट गई, जिसमें दो महिलाएं ...और पढ़ें
जागरण संवाददाता, बेतिया। मंगलवार की सुबह मैनाटांड़ के पिड़ारी से यात्रियों को लेकर बेतिया जा रही यात्री बस पुरुषोत्तमपुर थाना क्षेत्र के तिलंगही बहुअरवा स्कूल के समीप अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई।
हादसा इतना अचानक हुआ कि बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरातफरी का माहौल बन गया।
यात्रियों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण दौड़कर मौके पर पहुंचे और बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने में जुट गए। सूचना मिलते ही पुरुषोत्तमपुर थानाध्यक्ष कमलेश भगत पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे।
पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला और घायलों को अन्य वाहनों से इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मैनाटांड़ भेजवाया।
बताया गया कि बस सुबह करीब 6:30 बजे पिड़ारी से यात्रियों को लेकर बेतिया के लिए रवाना हुई थी। बस में करीब 20 यात्री सवार थे।
तिलंगही बहुअरवा स्कूल के पास पहुंचने के दौरान बेतिया की ओर से आ रही एक बोलेरो से साइड लेने के क्रम में चालक ने अचानक बस से नियंत्रण खो दिया। देखते ही देखते बस सड़क किनारे पलट गई।
हादसे में पुरैनिया की सलमुन नेशा, सकरौल की फूलपति देवी, मैनाटांड़ की रंजना देवी, पिपरपाती की सलामुन खातून, शहाबुद्दीन मियां और जमीला खातून घायल हो गए।
सभी घायलों को इलाज के लिए सीएचसी मैनाटांड़ पहुंचाया गया। चिकित्सक अमरेंद्र कुमार ने बताया कि सभी घायल खतरे से बाहर हैं और उनका इलाज किया जा रहा है।
हादसे के बाद चालक और स्टाफ फरार
दुर्घटना के बाद बस चालक और स्टाफ मौके से फरार हो गए। वहीं, बस में सवार कुछ यात्रियों ने चालक पर शराब के नशे में बस चलाने का आरोप लगाया। यात्री मोहन साह, आकाश कुमार और बबिता देवी सहित अन्य यात्रियों का कहना था कि चालक के व्यवहार से उन्हें पहले ही आशंका हो रही थी।थानाध्यक्ष कमलेश भगत ने बताया कि दुर्घटना में करीब आधा दर्जन यात्री घायल हुए हैं।
सभी का इलाज सीएचसी में कराया जा रहा है। पुलिस मामले में अग्रेतर कार्रवाई कर रही है। गनीमत रही कि हादसे के समय बस की रफ्तार पर नियंत्रण रहा और कोई बड़ी अनहोनी नहीं हुई।
स्थानीय लोगों की तत्परता और पुलिस की त्वरित कार्रवाई से बस में फंसे यात्रियों को समय रहते बाहर निकाल लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
यह भी पढ़ें- रातभर स्ट्रेचर पर रहा मरीज, सुबह मौत; छपरा सदर अस्पताल में स्वजन ने किया हंगामा, तोड़फोड़
