विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

किराये के मकान में बीए की छात्रा का शव मिला, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

Published: Sun, 28 Jun 2026 11:34 AM (IST)

Betia Student Death: बेतिया में किराये के मकान में रह रही बीए की छात्रा का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे ...और पढ़ें

प्रथम तल स्थित कमरे में छात्रा का शव पंखे से लटका मिला। प्रतीकात्मक फोटो

प्रथम तल स्थित कमरे में छात्रा का शव पंखे से लटका मिला। प्रतीकात्मक फोटो

जागरण संवाददाता, बेतिया (पश्चिम चंपारण)। Bihar Crime News: शहर में किराये के मकान में रहकर पढ़ाई कर रही एक बीए छात्रा का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई।

घटना मुफस्सिल थाना क्षेत्र के सरिसवा रोड स्थित एक मकान की है। परिजनों ने आत्महत्या की आशंका से इन्कार करते हुए हत्या के बाद शव को फंदे से लटकाने का आरोप लगाया है और निष्पक्ष जांच की मांग की है।

प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रही थी छात्रा

मृतका की पहचान नगर थाना क्षेत्र के पियूनी बाग वार्ड संख्या-22 निवासी 20 वर्षीय इंदु बाला के रूप में हुई है। वह बेतिया शहर में किराये के मकान में रहकर बीए की पढ़ाई के साथ-साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही थी।

शनिवार की रात पुलिस ने परिजनों को घटना की सूचना दी। इसके बाद स्वजन मौके पर पहुंचे तो प्रथम तल स्थित कमरे में छात्रा का शव पंखे से लटका मिला।

भाई ने कहा, आत्महत्या नहीं कर सकती

मृतका के बड़े भाई मिथुन कुमार ने बताया कि इंदु बाला चार बहनों और दो भाइयों में सबसे छोटी थी। परिवार उसकी पढ़ाई और बेहतर भविष्य को लेकर काफी उम्मीदें लगाए हुए था।

उन्होंने कहा कि उनकी बहन आत्महत्या जैसा कदम नहीं उठा सकती थी। इसलिए उन्हें संदेह है कि उसकी हत्या कर शव को फंदे से लटका दिया गया।

पिता ने निष्पक्ष जांच की उठाई मांग

मृतका के पिता कृष्णा राम, जो पेशे से चालक हैं, ने भी घटना को संदिग्ध बताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। उनका कहना है कि पूरे घटनाक्रम की गहराई से जांच कर सच्चाई सामने लाई जाए और यदि किसी की संलिप्तता मिले तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।

पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा

घटना की सूचना मिलने पर मुफस्सिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मौत के कारणों की जांच की जा रही है। सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की पड़ताल जारी है।