बिहार में बगहा सिविल कोर्ट के परिसर में लगी आग, कई जरूरी कागजात जलकर खाक
बगहा व्यवहार न्यायालय परिसर में देर रात गैस सिलिंडर फटने से भीषण आग लग गई, जिससे दो होटल और चार गुमटियां जलकर राख हो गईं।

बगहा कोर्ट के बाहर की तस्वीर। जागरण
HighLights
बगहा व्यवहार न्यायालय परिसर में देर रात लगी भीषण आग।
गैस सिलिंडर ब्लास्ट से दो होटल, चार गुमटियां जलकर राख।
अधिवक्ताओं के महत्वपूर्ण कागजात जलने से सुरक्षा पर सवाल।
जागरण संवाददाता, बगहा। व्यवहार न्यायालय परिसर में मंगलवार की देर रात भीषण आग लगने से आधा दर्जन दुकान और गुमटियां जल गईं । आग लगते ही न्यायालय परिसर में अफरा-तफरी मच गई। अगलगी में दो कच्चे मकान में स्थित होटल और चार गुमटी पूरी तरह जलकर खाक हो गईं।
घटना के संबंध में बताया गया कि एक होटल में रखे गैस सिलिंडर के ब्लास्ट होने से आग ने तेजी से विकराल रूप ले लिया। जिससे होटल सहित अन्य दुकानें जल गई।
इस घटना में मिथलेश का होटल और उसके बगल का एक अन्य होटल, साथ ही राजा साह और शंभू साह की गुमटी समेत दो अन्य गुमटियां जल गईं।
इन दुकानों में न्यायालय से जुड़े कई प्रकार के फॉर्म और जरूरी कागजात रखे थे, जो आग के चपेट में आने से जलकर नष्ट हो गए। हालांकि आग और फैलता तो हादसा ज्यादा हो सकता था।
घटनास्थल के ठीक पीछे स्थित उत्पाद थाना इस हादसे में बाल-बाल बच गया। यदि आग थाना परिसर तक पहुंच जाती तो भारी नुकसान हो सकता था, क्योंकि वहां जब्त शराब, महत्वपूर्ण दस्तावेज, कंप्यूटर और अन्य रिकॉर्ड रखे हैं।
आग लगने की सूचना मिलते ही उत्पाद थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की गाड़ी को बुलाया गया।
कुछ ही देर में अग्निशमन की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी परिश्रम के बाद आग पर काबू पाया गया। फिलवक्त आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।
यह भी पढ़ें- मुजफ्फरपुर के सरैया में पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल, शौच के बहाने हथकड़ी सहित फरार हुआ आरोपी
यह भी पढ़ें- बिहार में रिटायर्ड अधिकारी के बेटे को पोल से बांधकर पीटा, बकरी चोरी के शक में भीड़ की तालिबानी सजा
