पश्चिम चंपारण में बेहतर होगी रोड कनेक्टिविटी, बगहा-सेमरा मार्ग चौड़ीकरण शुरू; 4 पुलों का निर्माण भी होगा
बगहा-सेमरा मुख्य मार्ग के चौड़ीकरण और मजबूतीकरण का कार्य 63.94 करोड़ रुपये की लागत से शुरू हो गया है। उज्जैन ...और पढ़ें

बगहा-सेमरा मार्ग चौड़ीकरण शुरू

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
संवाद सूत्र, सेमरा। बगहा-सेमरा मुख्य मार्ग के चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण कार्य का बुधवार को पूजा-अर्चना के साथ शुभारंभ कर दिया गया। उज्जैन इंजीकॉन के एमडी महेंद्र किशोर सिंह उर्फ पिंटू सिंह ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य लोगों की मौजूदगी में नारियल फोड़कर कार्य की शुरुआत की।
पथ प्रमंडल बेतिया अंतर्गत जीरो किलोमीटर से 14 किलोमीटर तक इस परियोजना के तहत सड़क चौड़ीकरण के साथ एक 2×16 मीटर का उच्चस्तरीय आरसीसी पुल भी बनाया जाएगा। पूरे निर्माण कार्य पर करीब 63.94 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
परियोजना के अंतर्गत बगहा स्टेट बैंक से लेकर सेमरा थाना तक लगभग 14 किलोमीटर लंबी सड़क को चौड़ा किया जाएगा। साथ ही चौक-बाजार सहित भीड़ भाड़ वाले स्थानों पर दोनों ओर नाली निर्माण भी किया जाएगा, जिससे जलजमाव की समस्या कम होगी।
सड़क निर्माण शुरू होते ही क्षेत्र के लोगों में खुशी का माहौल देखा गया और लोगों ने इसे आवागमन के लिए बड़ी राहत बताया।
बगहा-सेमरा मुख्य मार्ग संकरा होने के कारण लंबे समय से लोगों को आवागमन में कठिनाई होती रही है। विशेषकर बड़े वाहनों जैसे ट्रक, बस व ट्रैक्टर के आने पर छोटे वाहनों को साइड लेने में भारी परेशानी होती थी। गन्ना सीजन में बगहा चीनी मिल चालू होने पर स्थिति और भी गंभीर हो जाती थी।
स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि चौड़ीकरण से दुर्घटनाओं में कमी आएगी और यातायात सुगम होगा। बीते वर्ष विधानसभा चुनाव से पहले वाल्मीकिनगर के पूर्व विधायक धीरेंद्र प्रताप सिंह उर्फ रिंकू सिंह द्वारा इस सड़क परियोजना का शिलान्यास किया गया था। अब निर्माण कार्य शुरू होने से लोगों की वर्षों पुरानी मांग पूरी होती दिख रही है।
चार पुलों पर भी निर्माण कार्य जल्द होगा शुरू
पूर्व विधायक धीरेंद्र प्रताप सिंह उर्फ रिंकू सिंह ने बताया कि उनके कार्यकाल के दौरान क्षेत्र के विकास को गति देने के लिए चार पुलों की स्वीकृति दिलाई गई थी। उन्होंने बताया कि इन पुलों के निर्माण को लेकर नवंबर माह में ही टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली गई थी।
उनके अनुसार, प्रस्तावित चारों पुलों की कुल लंबाई 129.61 मीटर है। इनके निर्माण पर लगभग 1411.81 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे, जबकि रखरखाव मद में 9.62 लाख रुपये निर्धारित किए गए हैं। इस तरह परियोजना की कुल अनुमानित लागत 1421.43 लाख रुपये है।
उन्होंने बताया कि जिन पुलों पर कार्य होना है, उनमें बिंदवलिया से बोदसर पंचायत के नारायणघाट पर 58 मीटर लंबा पुल तथा सिंधाव से मोहनगांव के बीच लगभग 21 मीटर लंबा पुल प्रमुख हैं।
इसके अलावा दो अन्य पुलों का भी निर्माण किया जाएगा। इन पुलों के बनने से ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन आसान होगा और स्थानीय लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।
