विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

West Champaran : तीन दिन पहले फेसबुक पर बयां किया दर्द, अब रेलवे लाइन किनारे झाड़ियों में मिला युवक का शव

By Vinod RaoEdited By: Dharmendra Singh
Published: Tue, 20 Oct 2026 04:23 PM (IST)

उत्तर प्रदेश के कुशीनगर में रेलवे लाइन किनारे 23 वर्षीय युवक का शव मिला, जो बगहा का निवासी था। मृतक ...और पढ़ें

युवक की फाइल फोटो व घटना स्थल पर जुटी भीड़।

युवक की फाइल फोटो व घटना स्थल पर जुटी भीड़।

जागरण संवाददाता, बगहा (पश्चिम चंपारण)। उत्तर प्रदेश के कुशीनगर के हनुमानगंज थाना क्षेत्र के पनियहवा चौराहे के समीप छितौनी-तमकुही रेल लाइन के किनारे झाड़ियों में मंगलवार दोपहर 23 वर्षीय युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त कराई और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। युवक बगहा पुलिस जिले के भैरोगंज बाजार का रहने वाला था।

मृतक की पहचान भैरोगंज थाना क्षेत्र के भैरोगंज बाजार निवासी राधेश्याम यादव के पुत्र आकाश उर्फ किशन यादव (23) के रूप में हुई है। मृतक के मामा जसवंत यादव ने बताया कि आकाश पिछले चार दिनों से घर से लापता था।

मंगलवार सुबह ग्रामीणों ने रेलवे लाइन के किनारे झाड़ियों में शव देखा और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की तलाशी ली तो जेब से मोबाइल फोन मिला। मोबाइल के माध्यम से स्वजन से संपर्क किया गया। सूचना मिलने पर पहुंचे स्वजन ने शव की पहचान की।

हनुमानगंज के प्रभारी निरीक्षक दिग्विजय नारायन राय ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। संबंधित स्थानीय थाने को भी सूचना दे दी गई है।

फेसबुक पोस्ट में लगाए थे गंभीर आरोप

आकाश यादव की मौत के बाद उसका तीन दिन पुराना फेसबुक पोस्ट चर्चा में है। पोस्ट में उसने अपनी पत्नी और ससुराल पक्ष के कुछ लोगों पर 50 लाख रुपये मांगने, जान से मारने की धमकी देने और परिवार को झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देने का आरोप लगाया था।

पोस्ट में युवक ने इन परिस्थितियों से परेशान होकर आत्महत्या करने की बात भी लिखी थी। उसने दो लोगों के नाम भी पोस्ट में दर्ज किए थे। हालांकि, फेसबुक पोस्ट में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।

यह भी पढ़ें- सीतामढ़ी में ईमानदारी की मिसाल बने सिराजुल, चालक की ईमानदारी ने जीत लिया सबका दिल