पड़ोसन ने ही रची खौफनाक साजिश! बगहा की युवती को नशा खिलाकर राजस्थान में बेचा, 21वें दिन रेलवे स्टेशन पर मिली
बगहा की एक युवती को शादी का झांसा देकर पड़ोसियों ने नशा खिलाकर राजस्थान में बेच दिया था। 21 दिन बाद पठखौली पुलिस ने उसे बगहा रेलवे स्टेशन से सकुशल बरामद कर लिया, जिसके बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

बगहा की युवती को नशा खिलाकर राजस्थान में बेचा (एआई जेनरेटेड तस्वीर)
HighLights
पड़ोसन ने शादी का झांसा देकर युवती को बेचा।
युवती को नशीला पदार्थ खिलाकर राजस्थान ले जाया गया।
पुलिस ने 21 दिन बाद बगहा रेलवे स्टेशन से बरामद किया।
संवाद सहयोगी, बगहा। शादी कराने का झांसा देकर बहला-फुसलाकर युवती को दूसरे प्रदेश ले जाने और उसे बेचने के आरोप के मामले में पठखौली पुलिस ने 21वें दिन युवती को बगहा रेलवे स्टेशन से सकुशल बरामद कर लिया।
पुलिस के अनुसार, युवती को बगहा से गोरखपुर और फिर जयपुर ले जाकर रखे जाने की जानकारी मिली थी। आरोपितों की तलाश में लगातार दबिश दिए जाने के बाद उन्होंने युवती को छोड़ दिया, जिसके बाद पुलिस ने उसे बरामद कर लिया।
बेटी को फोन कर गांधीनगर चौक के पास बुलाया
मामले में युवती की मां ने छह नवंबर को पठखौली थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। आवेदन में आरोप लगाया गया था कि छह नवंबर की रात करीब आठ बजे पड़ोस की महिला सुनैना देवी ने उनकी बेटी को फोन कर गांधीनगर चौक के पास बुलाया।
इसके बाद सुनैना देवी, उसके भाई विजय और विजय की पत्नी की मिलीभगत से युवती को राजस्थान के झालावाड़ जिले के साकड़िया गांव निवासी राजू के हाथ बेच दिया गया।
जबरन शादी कराने का दबाव बनाया गया
प्राथमिकी के अनुसार, युवती को गाड़ी में बैठाकर गोरखपुर की ओर ले जाया गया। आरोप है कि रास्ते में उसे नशीला पदार्थ खिलाकर अपने कब्जे में रखा गया और राजू से जबरन शादी कराने का दबाव बनाया गया। युवती ने फोन के माध्यम से अपनी मां को पूरी घटना की जानकारी दी थी। इसके बाद उसका मोबाइल बंद हो गया और उसका कोई पता नहीं चल रहा था।
पठखौली थानाध्यक्ष उत्पल कांत ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तकनीकी अनुसंधान शुरू किया। आरोपितों के संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की गई। पुलिस की कार्रवाई का दबाव बढ़ने पर आरोपितों ने युवती को मुक्त कर दिया। इसके बाद पुलिस ने उसे बगहा रेलवे स्टेशन से बरामद कर लिया।
थानाध्यक्ष ने बताया कि बरामद युवती को मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया जाएगा। वहां उसका बयान दर्ज कराया जाएगा। मजिस्ट्रेट के आदेश के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस प्राथमिकी में नामजद आरोपितों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।