बगहा: VTR में बाघ व मगरमच्छ के हमले में गई थी जान, आश्रितों को मिले 10-10 के लाख चेक
वाल्मीकि टाइगर रिजर्व के मदनपुर वन क्षेत्र में बाघ और मगरमच्छ के हमले में जान गंवाने वाले दो लोगों के आश्रितों को 10-10 लाख रुपये का मुआवजा दिया गया है।

आश्रितों को मिले 10-10 के लाख चेक
HighLights
बाघ व मगरमच्छ हमले के पीड़ितों को मिला मुआवजा।
आश्रितों को 10-10 लाख रुपये का चेक सौंपा गया।
वन्यजीवों से सावधानी बरतने की अपील, जागरूकता संदेश।
संवाद सहयोगी, बगहा। वाल्मीकि टाइगर रिजर्व के मदनपुर वन क्षेत्र में बाघ व मगरमच्छ के हमले में जान गंवाने वाले दो लोगों के आश्रितों को वन विभाग की ओर से 10-10 लाख रुपये का मुआवजा राशि का चेक वाल्मीकिनगर के विधायक सुरेन्द्र प्रसाद व मदनपुर वन क्षेत्र पदाधिकारी नसीम अहमद अंसारी ने सौंपा।
मदनपुर वन क्षेत्र पदाधिकारी ने बताया कि वन क्षेत्र के सिरिसिया वन परिसर अंतर्गत भूल टोला में कुछ दिन पहले घास काटने गई कोलाई अंसारी की पत्नी सलमा खातून को बाघ ने मार दिया था।
आश्रितों को 10- 10 लाख रुपये का मुआवजा
वहीं सेमरीडीह गांव निवासी भीम बीन को मगरमच्छ ने हमला कर मार दिया था। जिसके बाद बुधवार को सलामा खातून के पति कोलाई अंसारी व मगरमच्छ हमला में मरे भीम बीन के आश्रितों को 10- 10 लाख रुपये का मुआवजा दिया गया है। इस दौरान ग्रामीणों को वन्यजीवों की गतिविधियों के प्रति जागरूक किया गया।
वन विभाग ने लोगों से अनावश्यक रूप से जंगल में नहीं जाने तथा नदी, नालों और जंगल से सटे क्षेत्रों में विशेष सावधानी बरतने की अपील की। साथ ही जंगली जानवरों की गतिविधि दिखाई देने पर तत्काल वन विभाग को सूचना देने की सलाह दी गई।
बाघ के हमले में सलमा खातून की मौत
यहां बता दें कि बीते 23 सितंबर को पचरूखा सिरिसिया गांव के मस्जिदिया सरेह में बाघ के हमले में 35 वर्षीय सलमा खातून की मौत हो गई थी। जबकि वाल्मीकिनगर थाना क्षेत्र के सेमरीडीह गांव में मगरमच्छ के हमले में 57 वर्षीय भीम बीन की जान चली गई थी।
मुआवजा वितरण समारोह में मदनपुर बेलहवा पंचायत के मुखिया अरविंद कुमार,पंचायत समिति सदस्य उपेन्द्र यादव सहित ईडीसी अध्यक्ष, वनपाल, वनरक्षी, वनकर्मी और ग्रामीण मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें- पश्चिम चंपारण में रात में खाया मछली-भात, सुबह में पेड़ से लटका मिला युवक का शव
