चाइनीज लहसुन की भारत में अवैध एंट्री! बिहार के बगहा रेलवे स्टेशन से 12 बोरियां बरामद
बगहा रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ ने अमृत भारत एक्सप्रेस के जनरल कोच से 12 बोरी संदिग्ध चाइनीज लहसुन बरामद किया, जिसकी कीमत 56 हजार रुपये आंकी गई है।

लहसुन की बोरियां बरामद
HighLights
बगहा स्टेशन पर 12 बोरी संदिग्ध चाइनीज लहसुन बरामद।
अमृत भारत एक्सप्रेस के जनरल कोच से हुई बरामदगी।
नेपाल के रास्ते तस्करी की आशंका, जांच जारी।
संवाद सूत्र, बगहा (पश्चिमी चंपारण)। बगहा रेलवे स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की टीम ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए 15567 बापूधाम मोतिहारी से आनंद विहार टर्मिनल जाने वाली अमृत भारत एक्सप्रेस के साधारण कोच से 12 बोरी संदिग्ध चाइनीज लहसुन बरामद किया।
बरामद लहसुन की अनुमानित कीमत 56 हजार रुपये बताई जा रही है। ट्रेन में लावारिस हालत में लहसुन की खेप मिलने के बाद इसके संभावित अवैध परिवहन की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, लहसुन के मालिक और इसे ले जाने के उद्देश्य का अब तक पता नहीं चल सका है।
मंगलवार सुबह करीब 11 बजे नरकटियागंज आरपीएफ पोस्ट कमांडर से सूचना मिलने के बाद बगहा आरपीएफ की टीम ने स्टेशन पर पहुंची अमृत भारत एक्सप्रेस के विभिन्न हिस्सों की जांच शुरू की।
इसी दौरान ट्रेन के जनरल कोच में रखी 12 बोरियों पर जवानों की नजर पड़ी। जांच करने पर बोरियों में लहसुन होने की जानकारी सामने आई।
लहसुन की खेप को लेकर जब आसपास मौजूद यात्रियों से पूछताछ की गई, तो किसी ने भी उस पर अपना दावा नहीं किया।
यात्रियों ने बोरियों के संबंध में जानकारी होने से इन्कार किया। इसके बाद आरपीएफ ने लहसुन को बरामद कर मामले की जांच शुरू कर दी।
नेपाल के रास्ते बिहार में लाने की आशंका
बरामद लहसुन को संदिग्ध चाइनीज लहसुन बताया जा रहा है। आशंका जताई जा रही है कि इसे नेपाल के रास्ते बिहार में लाकर रेलमार्ग के माध्यम से दूसरे राज्यों में भेजने की कोशिश की जा रही होगी।
हालांकि, जांच पूरी होने तक इस आशंका की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।फिलहाल आरपीएफ इस बात का पता लगाने में जुटी है कि लहसुन की खेप ट्रेन के जनरल कोच तक कैसे पहुंची, इसे किसने रखा था और इसे कहां ले जाया जाना था।
इसके साथ ही यह भी पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इस मामले में किसी व्यक्ति या संगठित गिरोह की भूमिका तो नहीं है।
56 हजार रुपये बताई जा रही कीमत, कस्टम को सौंपने की तैयारी
बगहा आरपीएफ पोस्ट प्रभारी इंद्रजीत सिंह ने बताया कि नरकटियागंज पोस्ट कमांडर से सूचना मिलने के बाद ट्रेन की जांच की गई थी।
इस दौरान जनरल कोच से 12 बोरी लहसुन बरामद हुआ। आसपास मौजूद यात्रियों से पूछताछ की गई, लेकिन किसी ने भी सामान पर अपना दावा नहीं किया।
उन्होंने बताया कि बरामद लहसुन की कीमत करीब 56 हजार रुपये आंकी गई है। इसे आगे की आवश्यक कार्रवाई के लिए बेतिया कस्टम के हवाले किया जाएगा। ट्रेन के जनरल कोच से लावारिस हालत में लहसुन की इतनी बड़ी खेप मिलने के बाद इसके परिवहन के उद्देश्य को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं।
हालांकि, अभी तक किसी तस्कर की पहचान नहीं हुई है और न ही यह स्पष्ट हो पाया है कि लहसुन कहां से लाया गया था।
आरपीएफ की जांच और कस्टम विभाग की आगे की कार्रवाई के बाद ही बरामद लहसुन के स्रोत, उसके स्वामित्व और परिवहन से जुड़े तथ्यों का खुलासा हो सकेगा ।
यह भी पढ़ें- बिहार में CCTNS से खुली पुलिस अधिकारियों की पोल, ऑनलाइन डॉक्यूमेंट अपलोड करने में लापरवाही
यह भी पढ़ें- बिहार में CCTNS से खुली पुलिस अधिकारियों की पोल, ऑनलाइन डॉक्यूमेंट अपलोड करने में लापरवाही
