बगहा में बेटे के यहां से लौटे, लेकिन घर नहीं पहुंच सके रामबली, रेलवे लाइन पर मिला शव
बगहा में गोरखपुर-नरकटियागंज रेलखंड पर 72 वर्षीय सेवानिवृत्त चौकीदार रामबली गोड़ का शव रहस्यमय परिस्थितियों में मिला। वे पटना से ...और पढ़ें

रेलवे ट्रैक से शव को लेकर जाते स्थानीय लोग।
HighLights
सेवानिवृत्त चौकीदार रामबली गोड़ का शव रेलवे ट्रैक पर मिला।
पटना से लौटते समय बगहा में हुई रहस्यमय मौत।
पुलिस ट्रेन दुर्घटना सहित अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
जागरण संवाददाता, बगहा (पश्चिम चंपारण)। पटना से बेटे के घर से लौट रहे 72 वर्षीय सेवानिवृत्त चौकीदार की मौत रहस्यमय परिस्थितियों में हो गई। शुक्रवार की दोपहर उनका शव गोरखपुर-नरकटियागंज रेलखंड पर भैरोगंज और खरपोखरा रेलवे स्टेशन के बीच दुर्गा मंदिर के सामने रेलवे लाइन पर मिला।
शव मिलने की खबर फैलते ही आसपास के इलाके में सनसनी फैल गई। मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और मामले की जांच शुरू की।
पटना से लौट रहे थे रामबली
मृतक की पहचान चौतरवा थाना क्षेत्र के अहिरवलिया गांव निवासी रामबली गोड़ के रूप में हुई। स्वजन के अनुसार, रामबली गोड़ कुछ दिन पहले अपने पुत्र के पास पटना गए थे।
वहां से वापस घर लौट रहे थे। इसी दौरान उनकी मौत की सूचना स्वजन को मिली। रेलवे लाइन पर शव मिलने की जानकारी के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई। स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है।
हादसा या अन्य कारण, जांच जारी
रेलवे लाइन पर शव मिलने के बाद पुलिस घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है। प्रथम दृष्टया ट्रेन की चपेट में आने से हादसा होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, पुलिस ने घटना के संबंध में किसी निष्कर्ष की पुष्टि नहीं की है। शव मिलने की परिस्थितियों को देखते हुए विभिन्न बिंदुओं पर जांच की जा रही है।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलने पर भैरोगंज थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। एसआइ जयप्रकाश कुमार एवं नवजीवन पासवान ने घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
