बगहा में 21 नवंबर को विशेष लोक अदालत, एनआइ एक्ट के मामले सुलह से होंगे खत्म
बगहा व्यवहार न्यायालय में 21 नवंबर को विशेष लोक अदालत का आयोजन होगा, जिसमें एनआइ एक्ट से संबंधित लंबित मामलों ...और पढ़ें

शुक्रवार को व्यवहार न्यायालय के कॉन्फ्रेंस हॉल में न्यायिक पदाधिकारियों की बैठक हुई।
संवाद सूत्र, बगहा (पश्चिमी चंपारण)। मुकदमेबाजी की लंबी प्रक्रिया से राहत दिलाने और आपसी सहमति के जरिए विवादों का समाधान सुनिश्चित करने की दिशा में न्यायपालिका की ओर से पहल की जा रही है।
इसी कड़ी में आगामी 21 नवंबर को व्यवहार न्यायालय, बगहा में एनआइ एक्ट (परक्राम्य लिखत अधिनियम) से संबंधित मामलों के निष्पादन के लिए विशेष लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा।
इसमें अधिक से अधिक लंबित मामलों का निपटारा सुलह-समझौते के आधार पर कराने की तैयारी है।
लंबित मामलों पर रणनीति
विशेष लोक अदालत की सफलता को लेकर शुक्रवार को व्यवहार न्यायालय के कॉन्फ्रेंस हॉल में न्यायिक पदाधिकारियों की बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश प्रथम सह अध्यक्ष, अनुमंडल विधिक सेवा समिति मनीष द्विवेदी ने की।
बैठक प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार कन्हैया जी चौधरी के निर्देश के आलोक में आयोजित की गई।
सुलह समझौते पर जोर
बैठक में मनीष द्विवेदी ने न्यायिक पदाधिकारियों को विशेष लोक अदालत में एनआइ एक्ट से जुड़े अधिक से अधिक वादों के निष्पादन के लिए प्रभावी पहल करने का निर्देश दिया।
उन्होंने मामलों के सुलह-समझौते के आधार पर निपटारे को प्राथमिकता देने और इसके लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
विशेष लोक अदालत के माध्यम से संबंधित पक्षकारों को आपसी सहमति से विवाद समाप्त करने का अवसर मिलेगा।
बैठक में एसडीजेएम आलोक कुमार चतुर्वेदी, मुंसिफ सुशील कुमार सिंह, प्रथम श्रेणी न्यायिक दंडाधिकारी आशीष कुमार पाण्डेय, प्रियंका कुमारी, अजय कुमार एवं तारिक शमीम तथा द्वितीय श्रेणी न्यायिक दंडाधिकारी राहुल राज और हीना नाज उपस्थित रहे।