विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

निजी अंगों को छुआ तो तुरंत दें जानकारी, बगहा में बच्चों को दिए गए गुड और बैड टच के टिप्स

Published: Fri, 30 Oct 2026 10:49 PM (IST)

पश्चिमी चंपारण के बगहा में अखिल भारतीय सुरक्षित बचपन अभियान के तहत बच्चों को 'गुड टच' और 'बैड टच' के ...और पढ़ें

पुलिस अधिकारियों ने बच्चों को बहुत ही सरल तरीके से समझाया।

पुलिस अधिकारियों ने बच्चों को बहुत ही सरल तरीके से समझाया।

संवाद सहयोगी, बगहा (पश्चिमी चंपारण)। Good Touch Bad Touch: बच्चों को सुरक्षित माहौल देने और उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने के लिए पश्चिम चंपारण के बगहा में अखिल भारतीय सुरक्षित बचपन अभियान तेजी से चलाया जा रहा है।

इसी कड़ी में लौकरिया थाने के राजकीय प्राथमिक बुनियादी विद्यालय, हरनाटांड़ में एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं को बाल सुरक्षा, बाल अधिकार, मानव तस्करी, साइबर अपराध, महिला सुरक्षा और पॉक्सो (POCSO) एक्ट के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।

इस दौरान बच्चों को 'गुड टच' और 'बैड टच' का पाठ पढ़ाते हुए किसी भी अनुचित व्यवहार की स्थिति में बिना डरे शिकायत करने के लिए प्रेरित किया गया।

पुलिस अधिकारियों ने दी अहम सीख

कार्यक्रम में मौजूद पुलिस अधिकारियों ने बच्चों को बहुत ही सरल तरीके से समझाया कि यदि कोई व्यक्ति गलत तरीके से छूता है या अकेले में मिलने के लिए कहता है, तो यह 'बैड टच' की श्रेणी में आता है।

ऐसी किसी भी स्थिति में बच्चों को डरने की बजाय तुरंत अपने माता-पिता, शिक्षकों या पुलिस को इसकी जानकारी देनी चाहिए।

अधिकारियों ने बच्चों को यह भी समझाया कि चुप रहने से अपराधियों का हौसला बढ़ता है। इस दौरान पुलिस दीदी की भूमिका के साथ-साथ आपातकालीन सेवाओं और महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों जैसे- 112 (आपातकालीन सेवा), 181 (महिला हेल्पलाइन), 1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन) और 1930 (साइबर अपराध हेल्पलाइन) की जानकारी दी गई और बताया गया कि इन नंबरों पर 24 घंटे मदद मिलती है।

गणमान्य लोगों की रही मौजूदगी

इस जागरूकता कार्यक्रम में डीएसपी मुख्यालय दयानंद शर्मा, लौकरिया थानाध्यक्ष रमण कुमार, दारोगा सोनू कुमार, एएचटीयू (Anti Human Trafficking Unit) टीम और बाल विकास परियोजना पदाधिकारी समेत कई अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

विद्यालय के शिक्षकों ने बगहा पुलिस की इस पहल की भूरी-भूरी प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से बच्चों में सुरक्षा के प्रति आत्मविश्वास मजबूत होता है।

कार्यक्रम के अंत में सभी बच्चों को सुरक्षित रहने और किसी भी प्रकार की समस्या होने पर तुरंत सूचना देने की शपथ दिलाई गई।

विधिक जागरूकता कार्यक्रम

इसी अभियान के तहत बगहा के राजकीय उत्क्रमित मध्य विद्यालय, गोइती में भी शुक्रवार को एक विधिक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

इस अवसर पर सिविल कोर्ट बगहा के अधिवक्ता अभिषेक मिश्रा ने विद्यालय के प्रधानाचार्य पंकज कुमार की उपस्थिति में छात्र-छात्राओं को बचपन की सुरक्षा, पॉक्सो अधिनियम, बच्चों के कानूनी अधिकारों और कर्तव्यों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। उन्होंने बच्चों को हमेशा जागरूक रहने और जरूरत पड़ने पर अभिभावकों व शिक्षकों से खुलकर सहायता मांगने के लिए प्रेरित किया।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।