विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बिहार के लिए अगले कुछ घंटे अहम, गंडक किनारे बाढ़ का खतरा, बगहा में हाई अलर्ट और तटबंधों की निगरानी तेज

By Vinod RaoEdited By: Dharmendra Singh
Published: Wed, 26 Aug 2026 01:45 PM (IST)

नेपाल में त्रिशूली नदी में उफान के कारण गंडक नदी का जलस्तर बढ़ने की आशंका से बगहा में बाढ़ का ...और पढ़ें

नेपाल में बारिश का बगहा में भी असर।

नेपाल में बारिश का बगहा में भी असर।

HighLights

  1. नेपाल की त्रिशूली नदी में उफान से गंडक का जलस्तर बढ़ा।

  2. बगहा में बाढ़ के खतरे को देखते हुए एसपी ने हाई अलर्ट जारी किया।

  3. तटवर्ती इलाकों में लोगों को सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील।

जागरण संवाददाता, बगहा (पश्चिम चंपारण)। नेपाल में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश से गंडक नदी के जलस्तर में तेजी से वृद्धि की आशंका ने बगहा के तटवर्ती इलाकों में चिंता बढ़ा दी है।

नेपाल के धादिंग स्थित त्रिशूली नदी में उफान के बाद गंडक नदी में पानी बढ़ने की सूचना है। स्थिति को देखते हुए बगहा के पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार ने जिले में हाई अलर्ट जारी कर सभी थानों को सतर्क रहने का निर्देश दिया है।

पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी सूचना के अनुसार त्रिशूली नदी में जलस्तर बढ़ने के कारण अगले दो घंटे में गंडक किनारे बसे निचले इलाकों में बाढ़ का खतरा बताया गया है।

इसे देखते हुए सभी एसडीपीओ, इंस्पेक्टर और थानाध्यक्षों को अपने-अपने क्षेत्रों में भ्रमण कर लोगों को सावधान करने का निर्देश दिया गया है।

लाउडस्पीकर से ग्रामीणों को किया जा रहा सतर्क

पुलिस अधिकारियों को लाउडस्पीकर के माध्यम से लोगों को नदी किनारे नहीं जाने, मवेशियों को सुरक्षित एवं ऊंचे स्थानों पर पहुंचाने तथा जरूरी कागजात व सामान सुरक्षित रखने की अपील करने को कहा गया है।

मंगलपुर, चौतरवा, हरनाटांड़, पिपरासी, भितहा और ठकराहा समेत कई तटवर्ती इलाकों में गंडक का दबाव बढ़ने की आशंका है। सभी थानों को अलर्ट मोड में रखा गया है। आपात स्थिति से निपटने के लिए एसडीआरएफ और गोताखोरों की टीम को भी तैयार रहने को कहा गया है।

तटबंधों की निगरानी तेज

हाई अलर्ट के बाद प्रशासनिक स्तर पर भी सतर्कता बढ़ा दी गई है। अंचलाधिकारी और सिंचाई विभाग की टीमें तटबंधों की निगरानी में जुटी हैं। वहीं, नदी किनारे बसे गांवों में लोगों को एहतियात बरतने की सलाह दी जा रही है।

प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और किसी भी आपात स्थिति में 112 अथवा बगहा पुलिस कंट्रोल रूम 06251-242100 पर संपर्क करने की अपील की है।

यह भी पढ़ें- नेपाल में बाढ़ का कहर, बिहार तक पहुंचा खतरा, गंडक-बूढ़ी गंडक को लेकर अलर्ट