विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

न फिटनेस, न बीमा और न ही लाइट! बगहा में मौत बनकर दौड़ रही हैं जुगाड़ गाड़ियां, नियमों को दिखा रहीं ठेंगा

Published: Wed, 18 Nov 2026 03:14 PM (GMT+05:30)

बगहा में बिना फिटनेस, बीमा और सुरक्षा मानकों के 'जुगाड़ गाड़ियां' खुलेआम सड़कों पर दौड़ रही हैं, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है।

बगहा में मौत बनकर दौड़ रही हैं जुगाड़ गाड़ियां (सौ. जागरण)

बगहा में मौत बनकर दौड़ रही हैं जुगाड़ गाड़ियां (सौ. जागरण)

HighLights

  1. बगहा में जुगाड़ गाड़ियां बिना फिटनेस, बीमा के दौड़ रहीं।

  2. पंपसेट, बाइक इंजन से बनी गाड़ियां बढ़ा रहीं दुर्घटना खतरा।

  3. पुलिस अधीक्षक ने जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया।

संवाद सहयोगी, बगहा। सड़कों पर यातायात नियमों का पालन कराने के लिए पुलिस और परिवहन विभाग लगातार वाहन जांच अभियान चला रहे हैं। बिना हेलमेट, कागजात और अन्य नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों से जुर्माना भी वसूला जा रहा है। लेकिन इसी व्यवस्था के बीच जुगाड़ गाड़ियां खुलेआम नियमों को ठेंगा दिखा रही हैं। 

पंपसेट और बाइक के पुराने इंजन से तैयार ये वाहन नगर से लेकर ग्रामीण सड़कों तक बेखौफ दौड़ रहे हैं। इनसे हादसे का खतरा बढ़ने के साथ धुआं निकलने से पर्यावरण भी प्रभावित हो रहा है।

न फिटनेस का पता, न बीमा का ठिकाना

बगहा, रामनगर, हरनाटांड़, वाल्मीकिनगर, चौतरवा और भैरोगंज समेत ग्रामीण क्षेत्रों में ऐसे वाहन आसानी से देखे जा सकते हैं। इनका इस्तेमाल सीमेंट, खाद, अनाज, किराना समेत अन्य सामानों की ढुलाई में किया जा रहा है। 

अधिकांश जुगाड़ गाड़ियों में न पर्याप्त लाइट होती है और न इंडिकेटर। सुरक्षा के जरूरी मानक भी पूरे नहीं होते। इनके निबंधन, फिटनेस, बीमा और प्रदूषण प्रमाणपत्र को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।

पंपसेट व बाइक के इंजन से तैयार हो रहे वाहन

पंपसेट या बाइक के इंजन से तैयार इन वाहनों में सुरक्षा इंतजाम बेहद सीमित होते हैं। ऐसे में अचानक ब्रेक फेल होने या वाहन अनियंत्रित होने पर हादसे की आशंका बनी रहती है। सड़क पर दूसरे वाहनों के साथ पैदल राहगीरों की सुरक्षा भी इससे प्रभावित होती है। 

स्थानीय लोगों मनोज यादव, सुभाष प्रसाद, विनोद कुमार, राजन पांडेय, तुफैल अहमद और शेष रहमान ने बताया कि जुगाड़ वाहनों से लगातार खतरा बना रहता है। मलपुरवा में नथुनी की मौत भी जुगाड़ वाहन पलटने से होने की बात लोगों ने बताई।

स्थानीय स्तर पर पुलिस वाहन जांच अभियान चलाती है। लेकिन अभियान में मुख्य रूप से दोपहिया वाहनों की जांच होती है। जुगाड़ गाड़ियां कार्रवाई के दायरे से बाहर नजर आती हैं। परिवहन विभाग का कार्यालय बगहा में नहीं होने के कारण विभागीय कार्य जिला मुख्यालय बेतिया से संचालित होता है। कार्रवाई के अभाव में इन वाहनों की संख्या बढ़ रही है।

कम लागत का जुगाड़, बड़ा खतरा बरकरार

पहले सामान ढोने के लिए तांगा का इस्तेमाल होता था। बाद में ऑटो और अब कम खर्च में तैयार होने वाली जुगाड़ गाड़ियों ने उसकी जगह ले ली है। पुराने पंपसेट या बाइक इंजन से वाहन तैयार कर चालक सामान ढोकर परिवार चलाते हैं। 

आर्थिक मजबूरी अपनी जगह है, लेकिन सड़क पर लोगों की सुरक्षा भी जरूरी है। ऐसे में विभाग को इन वाहनों की जांच कर वैधता और सुरक्षा मानकों की स्थिति स्पष्ट करते हुए कार्रवाई करनी चाहिए।

जुगाड़ गाड़ियों का मामला मुख्य रूप से परिवहन विभाग से जुड़ा है। हालांकि, मामले की जांच कराई जाएगी और नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। - राजेश कुमार, पुलिस अधीक्षक, बगहा


देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।