विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

21 दिन की बेटी को छोड़ दुनिया से विदा हुआ पिता, बगहा में बकरे को बचाने में गई जान

By Vinod RaoEdited By: Dharmendra Singh
Published: Sat, 28 Nov 2026 03:49 PM (GMT+05:30)

बगहा में ससुराल जाते समय एक व्यक्ति की बाइक बकरे को बचाने के चक्कर में अनियंत्रित होकर पलट गई, जिससे उसकी मौत हो गई। मृतक टीपू राम की शादी डेढ़ साल पहले हुई थी और वह 21 दिन की नवजात बेटी का पिता था।

उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले के तमकुहीराज थाना क्षेत्र के भटवलिया गांव निवासी टीपू राम। फाइल फोटो

उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले के तमकुहीराज थाना क्षेत्र के भटवलिया गांव निवासी टीपू राम। फाइल फोटो

HighLights

  1. बगहा में बकरे को बचाने में बाइक सवार की जान गई।

  2. ससुराल जाते समय मोतीपुर में हुआ दर्दनाक हादसा।

  3. मृतक टीपू राम की 21 दिन की बच्ची अनाथ हुई।

जागरण संवाददाता, बगहा (पश्चिम चंपारण)। ससुराल जाने की खुशी लेकर घर से निकले टीपू राम को क्या पता था कि रास्ते में एक बकरा उनकी जिंदगी छीन लेगा। बाइक के सामने अचानक बकरा आ जाने से उसे बचाने के प्रयास में बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई।

हादसे में गंभीर रूप से घायल 30 वर्षीय टीपू की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। उनकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। महज 21 दिन पहले घर में आई नन्ही बच्ची के सिर से पिता का साया उठ गया।

ससुराल जाने के दौरान हुआ हादसा

ठकराहा थाना क्षेत्र के मोतीपुर में शुक्रवार की शाम दुर्घटना हुई। मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले के तमकुहीराज थाना क्षेत्र के भटवलिया गांव निवासी टीपू राम के रूप में हुई है।

वह बाइक से ठकराहा थाना क्षेत्र के भवानीपुर स्थित अपने ससुराल नवल राम के यहां जा रहे थे। मोतीपुर के समीप अचानक बाइक के सामने बकरा आ गया। उसे बचाने के प्रयास में बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसे में टीपू गंभीर रूप से घायल हो गए।

अस्पताल में इलाज के दौरान तोड़ा दम

दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल टीपू को अस्पताल पहुंचाया गया। वहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल भेज दिया।

डेढ़ साल भी नहीं हुआ था शादी को

पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे मृतक के पिता गणेश प्रसाद ने बताया कि टीपू तीन भाइयों और एक बहन में सबसे छोटे थे। उनकी शादी जनवरी 2025 में हुई थी। अभी वैवाहिक जीवन शुरू हुए डेढ़ वर्ष भी पूरा नहीं हुआ था। उनकी 21 दिन की नवजात बच्ची है।

हादसे की खबर मिलते ही परिवार में मातम पसर गया। पत्नी और स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है। नन्ही बच्ची के भविष्य और पत्नी की जिंदगी में आए इस अचानक खालीपन ने परिवार को गहरे दुख में डुबो दिया है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।