West Champaran : रामनगर हिंसा के बाद पुलिस का बड़ा एक्शन, सात गिरफ्तार, ड्रोन से हो रही निगरानी
पश्चिम चंपारण के रामनगर में हुई हिंसक झड़प और पुलिस टीम पर पथराव के मामले में सात उपद्रवियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया है।

पुलिस टीम पर पथराव मामले में सात गिरफ्तार,52 नामजद व 100 अज्ञात पर प्राथमिकी।
संवाद सहयोगी, बगहा (पश्चिम चंपारण)। रामनगर में हुई हिंसक झड़प के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। दो पक्षों के बीच हुए पथराव और हिंसा के बाद पुलिस ने सात उपद्रवियों को सोमवार को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया लिया । जबकि अन्य गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
एसपी राजेश कुमार ने बताया कि दो पक्षों के बीच उपजे विवाद को सुलझाने गई पुलिस टीम पर शनिवार की रात हमला किया गया था। जिसमें दो गृह रक्षक भी घायल हो गए थे।
इस मामले में रामनगर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। जिसमें गिरफ्तार सातों लोगों के साथ 52 लोग नामजद तथा करीब 100 अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
एसपी ने बताया कि उक्त क्षेत्र में फिर से विवाद न हो इसके लिए ड्रोन कैमरा से निगरानी की जा रही है। जिसका नेतृत्व रामनगर एसडीपीओ रागिनी कुमारी कर रही हैं। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद रामनगर में हड़कंप मचा है।
दो पक्ष के बीच उपजा विवाद अचानक हिंसक रूप ले लिया
यहां बता दें कि रामनगर थाना क्षेत्र के तुरहा टोली और जुलाहा टोली में शनिवार की रात पुराने विवाद को लेकर दो पक्ष के बीच उपजा विवाद अचानक हिंसक रूप ले लिया लिहाजा देखते ही देखते दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और जमकर ईंट-पत्थर चलने लगे।
हालात बिगड़ने की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन उपद्रवियों ने पुलिस टीम को भी निशाना बनाया औऱ उपद्रवियों द्वारा किये गए पथराव में गृह रक्षक गोपीचंद राय व गणेश राम घायल हो गए थे।
जिसे एसपी ने पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए विधि- व्यवस्था की स्थिति उत्पन्न करने वालों पर कार्रवाई किया है।
एसपी ने जारी बयान में कहा है कि कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। पुलिस लगातार निगरानी रख रही है ताकि दोबारा किसी तरह की अप्रिय घटना न हो ।
