पश्चिम चंपारण में बड़ी कार्रवाई: ऑटो की सीट के नीचे छिपा 49 किलो गांजा जब्त, दो तस्कर गिरफ्तार
कंगली थाने की पुलिस ने सिकटा नदी पुल के पास वाहन जांच के दौरान एक टेंपो से 48.9 किलोग्राम गांजा ...और पढ़ें

पश्चिम चंपारण में बड़ी कार्रवाई: ऑटो की सीट के नीचे छिपा 49 किलो गांजा जब्त, दो तस्कर गिरफ्तार
HighLights
कंगली पुलिस ने सिकटा नदी पुल पर गांजा पकड़ा।
टेंपो की सीट के नीचे 48.9 किलोग्राम गांजा छिपा था।
दो तस्कर गिरफ्तार, नेपाल से मोतिहारी जा रहा था।
संवाद सूत्र, सिकटा। कंगली थाने की पुलिस ने सिकटा नदी पुल के समीप वाहन जांच के दौरान एक टेंपो से 48.9 किलोग्राम गांजा बरामद किया। गांजा पांच बंडलों में सील पैक कर टेंपो की सीट के नीचे छिपाकर रखा गया था। मौके से दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। उनके पास से दो मोबाइल जब्त किया गया है।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान मझौलिया थाना क्षेत्र के राजाभार निवासी विजय महतो के पुत्र राजकिशोर कुमार (25) और विसम्भरा निवासी स्व. दुखी मियां के पुत्र सेराजुल मियां (35) के रूप में हुई है।
थानाध्यक्ष उमेश कुमार ने बताया कि वरीय अधिकारियों के निर्देश पर थानाध्यक्ष के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित कर वाहन जांच की जा रही थी। इसी दौरान सिकटा नदी पुल के पास टेंपो पहुंचा। पुलिस को देखते ही उसमें सवार दोनों युवक भागने लगे। पुलिसकर्मियों ने दोनों को पकड़ लिया।
ऑटो की तलाशी लेने पर सीट के नीचे पांच बंडल मिले। बंडलों को खोलकर जांच करने पर उसमें गांजा पाया गया। बीडीओ जय प्रकाश की मौजूदगी में गांजा का वजन कराया गया, जो 48.9 किलोग्राम निकला।
मोतिहारी में देनी थी डिलीवरी
पूछताछ में गिरफ्तार तस्करों ने पुलिस को बताया कि गांजा नेपाल से मोतिहारी ले जाया जा रहा था। वहां किसी व्यक्ति को इसकी डिलीवरी दी जानी थी।
हालांकि, आरोपित यह नहीं बता सके कि गांजा किस व्यक्ति को देना था। पुलिस तस्करी के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाने में लगी है। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर दोनों गिरफ्तार आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
