विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बिहार के सरकारी स्कूल में फर्जीवाड़ा: बिना ड्यूटी किए 5 महीने तक सैलरी लेती रहीं मैडम, प्रिंसिपल ने भी किया 'खेल'

Published: Fri, 27 Nov 2026 11:21 AM (IST)

हाजीपुर में एक शिक्षिका को पांच महीने तक बिना काम किए वेतन लेने के आरोप में निलंबित किया गया है। इस मामले में ऑनलाइन हाजिरी प्रणाली पर भी गंभीर सवाल उठे हैं और प्रधान शिक्षक को भी निलंबित किया गया है।

बिना ड्यूटी किए 5 महीने तक सैलरी लेती रहीं मैडम (AI Generated Image)

बिना ड्यूटी किए 5 महीने तक सैलरी लेती रहीं मैडम (AI Generated Image)

HighLights

  1. शिक्षिका प्रियंका कुमारी पांच महीने से बिना काम वेतन ले रही थी।

  2. ई-शिक्षा कोष ऑनलाइन हाजिरी व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठे।

  3. जिला शिक्षा पदाधिकारी ने शिक्षिका और प्रधान शिक्षक को निलंबित किया।

जागरण संवाददाता, हाजीपुर। सरकार की ओर से विद्यालयों में सुधार एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मुहैया कराने की दिशा में लाख प्रयत्न किए जा रहे हैं, बावजूद इसके जिले के सरकारी विद्यालयों में कार्यरत शिक्षकों के रवैये में सुधार होते हुए नजर नहीं आ रहा है।

जिले में शिक्षा विभाग का शिकंजा कसते ही जिले के सरकारी स्कूलों में कार्यरत शिक्षकों की कर्तव्य के प्रति लापरवाही सामने आ रही है।

इस क्रम ई-शिक्षा कोष में निगरानी करने पर विभाग को जानकारी हुई कि पातेपुर प्रखंड के नवसृजित प्राथमिक विद्यालय राघोपुर नरसंडा टोला अहरा में कार्यरत एक शिक्षिका प्रतिनियुक्त विद्यालय में योगदान ही नहीं किया है।

इस दौरान लगभग पांच महीने से शिक्षिका अपने प्रतिनियुक्ति स्थल पर और न ही मूल विद्यालय में ड्यूटी कर रही थी, जबकि वेतन भी उठा रही थी।

मामला संज्ञान में आने पर जिला शिक्षा पदाधिकारी रवींद्र कुमार ने कार्रवाई करते हुए शिक्षिका के साथ अनुपस्थिति विवरणी देने वाले विद्यालय प्रधान को भी निलंबित कर दिया है। वहीं इस मामले में ऑनलाइन हाजिरी की व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल उठ खड़े हुए हैं।

ई-शिक्षाकोष पर दर्ज डिजिटल उपस्थिति की समीक्षा में चला पता

बताया गया है कि ई-शिक्षाकोष पर दर्ज डिजिटल उपस्थिति की जिला शिक्षा विभाग की ओर से समीक्षा की गई।

समीक्षा के क्रम में पाया गया कि पातेपुर प्रखंड के नवसृजित प्राथमिक विद्यालय राघोपुर नरसंडा टोला अहरा में कार्यरत विद्यालय अध्यापक प्रियंका कुमारी की ओर से 02 जुलाई 2026 से ही ई-शिक्षा कोष पोर्टल पर मार्क ऑन ड्यूटी में ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज की जा रही थी।

विद्यालय के प्रधान शिक्षक संजय रजक से विभागीय स्तर पर पूछताछ करने पर ज्ञात हुआ कि प्रियंका कुमारी उत्क्रमित मध्य विद्यालय विजयपुरा में प्रतिनियुक्त है।

डीईओ के स्तर पर उत्क्रमित मध्य विद्यालय विजयपुरा के प्रभारी प्रधानाध्यापक से प्रतिनियुक्ति से संबंधित प्रतिवेदन उपलब्ध कराने के निर्देश पर अवगत कराया गया कि उनके विद्यालय में प्रियंका कुमारी ने योगदान ही नही किया है।

डीईओ की ओर से विद्यालय अध्यापक प्रियंका कुमारी से स्पष्टीकरण की मांग की गई, परंतु शिक्षिका ने अपने स्पष्टीकरण में तथ्य को छुपाते हुए विभाग को गुमराह करने का प्रयास किया।

जांच के बाद जिला शिक्षा पदाधिकारी ने की कार्रवाई

डीईओ ने कार्य के प्रति घोर लापरवाही, विभाग को गुमराह करने, सरकारी राशि का गबन करने, विभागीय आदेश का उल्लंघन करने, वरीय पदाधिकारी के आदेश की अवहेलना करने, छात्रों को शिक्षा के अधिकार से वंचित करते हुए उनके अधिकारों का हनन करने, विभाग की छवि धूमिल करने, सरकारी कर्मी के आचरण के प्रतिकूल कार्य करने, नियुक्ति की सेवा शर्त का उल्लंघन करने, कर्तव्यहीनता एवं स्वेच्छाचारिता का आरोप मानते हुए विद्यालय अध्यापक प्रियंका कुमारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया है।

निलंबन अवधि में मुख्यालय प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी, गोरौल का कार्यालय निर्धारित करते हुए निलंबन अवधि में नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता का भुगतान निर्धारित निलंबन मुख्यालय से प्राप्त अनुपस्थिति विवरणी के आधार पर करने का निर्देश दिया गया है।

विद्यालय के प्रधान शिक्षक को भी किया गया निलंबित

विद्यालय के प्रथान शिक्षक ने बिना योगदान किए एवं प्रतिनियुक्त विद्यालय के प्रधानाध्यापक की ओर से अनुपस्थिति विवरणी नहीं मिलने के बावजूद संजय रजक के विभाग को विद्यालय अध्यापिका प्रियंका कुमारी का अनुपस्थिति विवरणी भुगतान के लिए पूरे माह का उपलब्ध कराए जाने को लेकर विभाग की ओर से प्रधान शिक्षक से स्पष्टीकरण की मांग की गई।

प्रधान शिक्षक की ओर से स्पष्टीकरण में तथ्य को छुपाते हुए विभाग को गुमराह करने का दोषी पाया गया। इस क्रम में प्रधान शिक्षक संजय रजक को कार्य के प्रति घोर लापरवाही, विभाग को गुमराह करने, सरकारी राशि का गबन करने में सहयोग करने, विभागीय आदेश का उल्लंघन करने, वरीय पदाधिकारी के आदेश की अवहेलना करने, छात्रों को शिक्षा के अधिकार से वंचित करते हुए उनके अधिकारों का हनन करने, विभाग की छवि धूमिल करने, सरकारी कर्मी के आचरण के प्रतिकूल कार्य करने, वित्तीय अनियमितता करने, नियुक्ति की सेवा शर्त का उल्लंघन करने तथा अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन नहीं करने के आरोप में अनुशासनिक कार्रवाई के अधीन किया है।

अनुशासनिक कार्रवाई के संचालन का जिम्मा डीपीओ को

जिला शिक्षा पदाधिकारी रवींद्र कुमार ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए निलंबन के साथ ही अनुशासनिक कार्रवाई का भी आदेश दिया है।

अनुशासनिक कार्रवाई के सफल संचालन के लिए जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, प्रारंभिक एवं समग्र शिक्षा, वैशाली को जांच पदाधिकारी एवं प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी पातेपुर को उपस्थापन पदाधिकारी नियुक्त किया गया है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।