विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

वैशाली में युवक को गोली मारकर उठा ले गए बदमाश, वारदात के बाद से लापता; घटनास्‍थल से म‍िले दो खोखे

Published: Tue, 10 Nov 2026 10:21 AM (IST)

वैशाली के सराय थाना क्षेत्र में एक युवक को गोली मारकर अगवा कर लिया गया है, जिससे इलाके में हड़कंप ...और पढ़ें

घटनास्‍थल पर जांच करने पहुंचे ग्रामीण एसपी सोनू कुमार राय। जागरण

घटनास्‍थल पर जांच करने पहुंचे ग्रामीण एसपी सोनू कुमार राय। जागरण

जागरण संवाददाता, हाजीपुर। वैशाली जिले के सराय थाना क्षेत्र के नरेंद्र प्रबोधी गांव में मंगलवार सुबह एक युवक को गोली मारकर अगवा किए जाने का मामला सामने आया है।

घटना के बाद से युवक लापता है। वारदात से इलाके में हड़कंप मच गया है। लापता युवक की पहचान मझौली मोहम्मदपुर बुजुर्ग चौक निवासी स्वर्गीय कुशेश्वर राय के पुत्र टिंकू कुमार उर्फ विवेक कुमार के रूप में हुई है।

स्वजन का आरोप है कि युवक को गोली मारने के बाद कुछ लोग अपने साथ ले गए। घटना की सूचना मिलते ही सराय थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। घटनास्थल से पुलिस ने दो खोखा बरामद किया है।

ग्रामीण एसपी ने पहुंचकर की जांच 

मामले की गंभीरता को देखते हुए ग्रामीण एसपी सोनू कुमार राय और सदर एसडीपीओ-2 गोपाल मंडल भी घटनास्थल पर पहुंचे।

दोनों अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया और परिजनों तथा स्थानीय लोगों से पूछताछ की। उन्होंने पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

युवक की तलाश में पुलिस विभिन्न जगहों पर छापेमारी कर रही है। आसपास के खेतों, बगीचों और सुनसान स्थानों पर भी खोजबीन की जा रही है।

हालांकि, फिलहाल युवक का कोई सुराग नहीं मिला है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।

कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ

ग्रामीण एसपी सोनू कुमार राय ने बताया कि मंगलवार सुबह थाने को घटना की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर जांच की।

घटनास्थल से दो खोखा बरामद किया गया है। पुलिस को जानकारी मिली है कि विवेक उर्फ पिट्ठू के साथ कुछ युवकों ने घटना को अंजाम दिया है।

घटना का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। इस मामले में कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। युवक के लापता होने के संबंध में ग्रामीण एसपी ने कहा कि अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है। 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।