वैशाली में बड़ा हादसाः टेनिस बॉल निकालने कुएं में उतरे तीन युवकों की दम घुटने से मौत Vaishali News
वैशाली में शनिवार की सुबह एक कुएं में गेंद निकालने गये एक बाद एक तीन युवक की जहरीली गैस में दम घुटने से मौत हो गई।
वैशाली, जेएनएन। करताहा थाना क्षेत्र के गुरमिया गांव में शनिवार की सुबह एक कुएं में गेंद निकालने गए एक बाद एक तीन युवक जहरीली गैस की चपेट में आ गए। ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद तीनों को कुएं से निकाला। घायल सभी को बेहोशी की हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां तीनों की मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया है। सूचना पर करताहा थाने की पुलिस जांच के लिए पहुंच गई है।
मृतकों की पहचान विजय पासवान (20), वीरचंद राम (18) और शिवचंद्र राम (20) के रूप में हुई है। बताया जाता है कि शनिवार की सुबह करताहा थाना क्षेत्र के गुरमिया गांव में बने एक कुएं में टेनिस बॉल गिर गई थी। जिसे निकालने के लिए एक के बाद एक तीन युवक कुएं में उतर गए। देखते-देखते सभी कुएं के अंदर जहरीली गैस से बेहोश होते चले गए।
तुरंत स्थानीय लोगों ने सभी को बेहोशी की हालत में एक-एककर कुएं से बाहर निकाला। घायलों में दो को रेफरल अस्पताल लालगंज ले जाया गया। जहां दो को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। तीसरे को हाजीपुर सदर अस्पताल मेें भर्ती कराया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे भी मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद गांव का माहौल गमगीन हो गया है। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।