राघोपुर के जुड़ावनपुर में गंगा नदी में स्नान के दौरान 2 किशोर डूबे, एक को बचाया गया
राघोपुर के जुड़ावनपुर करारी गांव में गंगा नदी में नहाते समय दो किशोर डूब गए। एक को बचा लिया गया, ...और पढ़ें

जांच में जुटी टीम। (जागरण)
HighLights
राघोपुर गंगा में नहाते समय एक किशोर डूबा, लापता।
बचाने के प्रयास में तीन अन्य लोग भी घायल हुए।
एसडीआरएफ की टीमें लापता किशोर गोपाल की तलाश में जुटीं।
संवाद सूत्र, राघोपुर। जुड़ावनपुर थाना क्षेत्र के जुड़ावनपुर करारी गांव में रविवार को गंगा नदी में स्नान के दौरान बड़ा हादसा हो गया।
नहाने के दौरान दो किशोर गहरे पानी में डूबने लगे। उन्हें बचाने के लिए किनारे बैठे एक युवक और दो किशोरों ने जान जोखिम में डालकर नदी में छलांग लगा दी।
इस दौरान एक किशोर को बचा लिया गया, जबकि एक 17 वर्षीय किशोर गंगा में डूब गया। डूबे किशोर की तलाश में एसडीआरएफ की दो टीमें जुटी हुई हैं। रविवार की शाम तक एसडीआरएफ टीम ने खोजबीन की, लेकिन किशोर का पता नहीं चल पाया।
मिली जानकारी के अनुसार स्थानीय निवासी 17 वर्षीय गोपाल कुमार और 17 वर्षीय गोलू कुमार गंगा नदी में स्नान कर रहे थे।
इसी दौरान दोनों गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। नदी किनारे स्नान करने के बाद बैठे 15 वर्षीय विशाल कुमार, 25 वर्षीय किसू कुमार और 13 वर्षीय अंकुश कुमार ने दोनों को डूबता देखा और तुरंत बचाने के लिए नदी में कूद गए।
किसू ने बड़ी हिम्मत दिखाते हुए गोलू कुमार को बचा लिया, लेकिन गोलू को बचाने के दौरान किसू खुद डूबने लगा। इस दौरान किनारे पर मौजूद 13 वर्षीय अंकुश कुमार ने सूझबूझ दिखाते हुए अपने गमछे के सहारे जान जोखिम में डालकर किशोर कुमार को बाहर खींच लिया।
तैरकर बाहर आया विशाल
वहीं, विशाल कुमार किसी तरह तैरकर खुद बाहर निकल आया, लेकिन गोपाल कुमार गंगा की तेज धारा में डूब गया। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जुट गई।
स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को आनन-फानन में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, राघोपुर (फतेहपुर) लाया गया, जहां चिकित्सकों के स्तर पर सभी का उपचार किया जा रहा है। एक घायल युवक की हालत गंभीर होने पर उसे ऑक्सीजन पर रखा गया है।
घटना की जानकारी स्थानीय थाना पुलिस और एसडीआरएफ को दी गई। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की दो टीमें घटनास्थल पर पहुंचकर गंगा नदी में डूबे गोपाल कुमार की खोजबीन में जुटी हैं।
घायल किसू ने बताया कि हम लोग नहा के बैठे हुए थे। दो लड़के बीच में नहा रहे थे, अचानक दो डूबने लगे। हमको लगा पानी कम होगा, हम बचाने गए।
एक को बाहर निकाल दिया, लेकिन दूसरा हमें ही डूबोने लगा। हम पूरा थक गए, नहीं बच पाए। किसी तरह बाहर आए और इशारा किया तो अंकुश ने हमें गमछा के सहारे बचाया।
इस संबंध में भाजपा नेता सह जुड़ावनपुर करारी पैक्स अध्यक्ष विपिन कुमार सिंह ने बताया कि नहाने के दौरान दो किशोर डूबने लगा गंगा किनारे स्नान करने के बाद बैठे किसू कुमार अपने दो साथियों के साथ उसे बचाने के लिए गंगा नदी में कूद गया।
एक को बचा लिया गया जबकि दूसरा गंगा नदी में डूब गया। बचाने के दौरान किशोर ज्यादा पानी पी लिया सभी को इलाज के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया है।
यह भी पढ़ें- वैशाली नाव हादसे पर मंत्री दीपक प्रकाश ने मानी प्रशासनिक चूक, बोले- जहां कमी है, उसे दूर करेंगे
