वैशाली को मिले नए ग्रामीण SP, 20 थानों का जिम्मा संभालेंगे सोनू कुमार राय
वैशाली के नवपदस्थापित ग्रामीण एसपी सोनू कुमार राय ने बुधवार को पदभार संभाला। उन्होंने अपराध नियंत्रण, अनुसंधान और लंबित मामलों के त्वरित निपटारे को अपनी पहली प्राथमिकता बताया।

सोनू कुमार राय, ग्रामीण एसपी, वैशाली
HighLights
सोनू कुमार राय ने वैशाली ग्रामीण एसपी का पदभार ग्रहण किया।
अपराध नियंत्रण और लंबित केसों का निपटारा मुख्य प्राथमिकता।
20 थाने व ओपी ग्रामीण एसपी के अधीन रहेंगे।
जागरण संवाददाता, हाजीपुर। वैशाली जिले के नवपदस्थापित पुलिस अधीक्षक ग्रामीण सोनू कुमार राय ने बुधवार को अपना पदभार ग्रहण कर लिया। पदभार संभालने के बाद उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा कि अपराध नियंत्रण, अनुसंधान और पेंडिंग केसों का त्वरित निपटारा उनकी पहली प्राथमिकता रहेगी।
उन्होंने कहा कि विधि-व्यवस्था संधारण, जनशिकायत और अपराध से संबंधित लोगों की समस्याओं की सुनवाई पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
वहीं, वरीय पुलिस अधीक्षक शुभांक मिश्रा ने प्रेस वार्ता में बताया कि वैशाली में कुल चार पुलिस अनुमंडल हैं - सदर-1, सदर-2, महुआ और महनार। इनमें से तीन अनुमंडल सदर-2, महुआ और महनार के अपराध से संबंधित सभी मामलों का प्रभार नए ग्रामीण एसपी के पास रहेगा। विधि-व्यवस्था की किसी भी समस्या पर तुरंत पहुंचने का अधिकार भी उनका होगा।
शुभांक ने बताया कि भविष्य में उनकी अपराध शाखा, हिंदी शाखा, डीआई, स्पेशल ब्रांच, डीआईओ सहित सभी शाखाओं को विकसित किया जाएगा। वर्तमान में उनके आवासन और कार्यालय से संबंधित व्यवस्थाएं जल्द पूरी की जाएंगी।
प्रभार ग्रहण के बाद नए अधिकारी फील्ड में जाकर सभी थानों का विजिट कर महत्वपूर्ण केसों की समीक्षा करेंगे। ट्रांसफर-पोस्टिंग पूर्व के पुलिस आदेश के अनुसार ही रहेगी।
20 थाना-ओपी रहेंगे ग्रामीण एसपी के जिम्मे
पुलिस मुख्यालय के निर्देश के अनुसार महनार अनुमंडल, महुआ अनुमंडल और लालगंज अंचल क्षेत्र के कुल 20 थाना और ओपी ग्रामीण एसपी के अधीन रहेंगे।
महुआ अनुमंडल के थाना: महुआ, गोरौल, कटहरा, राजापाकड़, बराटी, जंदाहा, महिसौर, तिसिऔता, पातेपुर, हरलोचनपुर सुक्की, बलि गांव।
महनार अनुमंडल के थाना: महनार, देसरी, सहदेई, चांदपुरा। लालगंज अंचल के थाना: लालगंज, करताहा, वैशाली, बेलसर, भगवानपुर, सराय।
यह भी पढ़ें- बिहार की बेटी का शौर्य: गोलियों से आतंकियों को दिया जवाब, प्यार से जीते दिल; पढ़ें IPS तनुश्री की सक्सेस स्टोरी
