वैशाली में ननद-भौजाई समेत 3 बाढ़ के पानी में डूबे, 2 की हुई मौत
सोनपुर में बाढ़ के पानी में डूबने से दो अलग-अलग घटनाओं में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक ...और पढ़ें

रोते-बिलखते परिजन। फोटो जागरण
HighLights
सोनपुर में बाढ़ के पानी में तीन लोग डूबे।
दो अलग-अलग घटनाओं में दो लोगों की मौत हुई।
एक महिला को स्थानीय लोगों ने सुरक्षित बचाया।
संवाद सहयोगी, सोनपुर। बाढ़ के पानी में दो महिला समेत तीन लोग डूब गए। डूबने से एक महिला सहित दो लोगों की मौत हो गई। यह घटना सोनपुर प्रखंड अंतर्गत दियारा क्षेत्र के दो अलग-अलग पंचायतों में घटित हुई। इनमें एक महिला और एक पुरुष की मौत हो गई, जबकि एक महिला को स्थानीय लोगों की मदद से सुरक्षित बचा लिया गया।
बचाई गई महिला का इलाज सोनपुर अनुमंडलीय चिकित्सालय में चल रहा है। दोनों घटनाओं के बाद मृतकों के परिवारों में चीख-पुकार मची हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार, रविवार को सोनपुर के गंगाजल पंचायत के बबूरबानी गांव में बाढ़ के पानी में पैर फिसलने से ननद-भाभी गहरे पानी में डूब गईं। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
आसपास के लोग दोनों को बचाने के लिए दौड़े। ग्रामीणों ने प्रयास कर भाभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन करीब 47 वर्षीय गीता देवी की बाढ़ के पानी में डूबकर मौत हो गई। गीता देवी राम प्रवेश राय की पत्नी थीं और वार्ड संख्या आठ की रहने वाली थीं।
गंगाजल पंचायत के पूर्व पंचायत समिति सदस्य अशोक शर्मा ने बताया कि गीता देवी अपने मायके में ही पति के साथ रहती थीं। उनका ससुराल पटना के दीदारगंज में है। रविवार को दोनों ननद-भाभी बाढ़ के पानी को पार कर अपने घर लौट रही थीं।
इसी दौरान पैर फिसलने से दोनों गहरे पानी में चली गईं। स्थानीय लोगों ने भाभी को तो बचा लिया, लेकिन ननद गीता देवी की डूबने से मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर सोनपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की।
दूसरी घटना शनिवार को सबलपुर दियारा क्षेत्र के पश्चिमी पंचायत में हुई। यहां बाढ़ में डूबे घर से सामान निकालने के दौरान एक व्यक्ति की पानी में डूबने से मौत हो गई।
पंचायत के मुखिया विकास कुमार सिंह ने बताया कि मृतक की पहचान पश्चिमी पंचायत के वार्ड संख्या पांच निवासी योगेश्वर पासवान के रूप में हुई है। मृतक के भाई ने बताया कि दोनों भाई बाढ़ के पानी में डूबे अपने घर से सामान निकाल रहे थे। इसी दौरान कुछ सामान पानी में बहने लगा।
सामान को निकालने के दौरान योगेश्वर पासवान अचानक गहरे पानी में चले गए और डूब गए। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजवाया।। दोनों घटनाओं के बाद मृतकों के स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।मृतका गीता देवी के दो पुत्र और दो बेटी है।
