विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बिना हल चलाए एक ही खेत में उगाएं आलू और मक्का! सोनपुर मेले में किसानों को बताया जाएगा तरीका

Published: Fri, 20 Nov 2026 11:10 AM (IST)

सोनपुर मेले की कृषि प्रदर्शनी में बिना जुताई वाली खेती और एक ही क्यारी में आलू-मक्का की संयुक्त खेती का नया प्रयोग दिखाया जा रहा है। यह किसानों को कम लागत में बेहतर उत्पादन, मिट्टी संरक्षण और फसल विविधीकरण में मदद करेगी।

हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेले में तैयार की जा रही कृषि प्रदर्शनी परिसर। जागरण

हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेले में तैयार की जा रही कृषि प्रदर्शनी परिसर। जागरण

HighLights

  1. बिना जुताई वाली खेती तकनीक का प्रदर्शन।

  2. एक ही क्यारी में आलू और मक्का की संयुक्त खेती।

  3. कम लागत में बेहतर उत्पादन के तरीके बताए जाएंगे।

संवाद सहयोगी, सोनपुर। Sonepur Mela 2026: क्या बिना हल चलाए भी खेत में आलू और मक्का की खेती एक साथ की जा सकती है?

क्या खेती की लागत घटाने के साथ मिट्टी की नमी और उर्वरा शक्ति भी बचाई जा सकती है? अगर आप किसान हैं तो इन सवालों के जवाब आपको हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेले की कृषि प्रदर्शनी में मिल सकते हैं।

यहां इस बार खेती का एक ऐसा प्रयोग दिखाया जा रहा है, जिसमें एक ही क्यारी में आलू और मक्का की फसल उगाने की तकनीक प्रदर्शित की जाएगी।

कृषि प्रदर्शनी में किसानों को बिना जुताई वाली खेती यानी जीरो टिलेज के बारे में बताया जाएगा। इस पद्धति में खेत की पारंपरिक जुताई किए बिना फसल लगाने की तकनीक अपनाई जाती है।

इसका उद्देश्य जुताई पर होने वाले खर्च को कम करने के साथ मिट्टी की नमी और उसकी संरचना को सुरक्षित रखना है। किसानों को बताया जाएगा कि इस तकनीक का इस्तेमाल कर कम संसाधनों में बेहतर उत्पादन की दिशा में कैसे काम किया जा सकता है।

एक ही क्यारी में आलू और मक्का, खेती का नया प्रयोग

कृषि प्रदर्शनी का सबसे खास आकर्षण एक ही क्यारी में आलू और मक्का की खेती का प्रयोग होगा। किसानों को दिखाया जाएगा कि वैज्ञानिक तरीके अपनाकर दोनों फसलों को एक साथ उगाने की व्यवस्था कैसे की जा सकती है।

इससे किसानों को फसल विविधीकरण और उपलब्ध जमीन के बेहतर इस्तेमाल की जानकारी मिलेगी। एग्रीकल्चर प्रोड्यूसर कंपनी की ओर से लगाई जा रही इस प्रदर्शनी में कम लागत वाली खेती पर विशेष जोर है।

यहां किसानों को बिना जुताई की तकनीक के साथ ईख की वैज्ञानिक खेती और बेहतर उत्पादन के तरीकों की जानकारी भी दी जाएगी।

मृत्युंजय सिंह ने बताया कि प्रदर्शनी का उद्देश्य किसानों को परंपरागत खेती के साथ आधुनिक तकनीकों और नए प्रयोगों से जोड़ना है।

उन्हें ऐसी कृषि पद्धतियों के बारे में बताया जा रहा है, जिनसे कम संसाधनों में बेहतर उत्पादन हासिल करने की संभावना बढ़ सके।

फलदार और सजावटी पौधों की नर्सरी भी करेगी आकर्षित

कृषि प्रदर्शनी में केवल फसल उत्पादन ही नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और हरियाली पर भी जोर दिया जा रहा है। यहां विभिन्न प्रजातियों के फलदार, छायादार और सजावटी पौधों की नर्सरी तैयार की जा रही है।

किसानों और आम लोगों को पौधों के चयन, रोपण और रखरखाव की जानकारी भी मिलेगी। फिलहाल प्रदर्शनी को अंतिम रूप देने का काम चल रहा है।

बड़ी संख्या में मजदूर अलग-अलग स्टाल और प्रदर्शनी स्थल तैयार करने में जुटे हैं। मेले में आने वाले किसानों के लिए यह प्रदर्शनी खेती के नए तौर-तरीके समझने और उन्हें अपने खेतों में अपनाने की संभावनाएं तलाशने का अवसर बनेगी।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।