विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

22 नवंबर से शुरू होगा सोनपुर मेला, 220 फीट के मुख्य पंडाल से लेकर 6 भव्य प्रवेश द्वार तक खास तैयारी

Published: Wed, 11 Nov 2026 08:59 AM (IST)

विश्व प्रसिद्ध हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेले की तैयारियां अंतिम चरण में हैं, जो 22 नवंबर से 23 दिसंबर तक 32 ...और पढ़ें

सोनपुर मेला क्षेत्र में बनाया जा रहा भव्य मुख्य पंडाल। जागरण

सोनपुर मेला क्षेत्र में बनाया जा रहा भव्य मुख्य पंडाल। जागरण

HighLights

  1. विश्व प्रसिद्ध सोनपुर मेला 22 नवंबर से 23 दिसंबर तक

  2. भव्य मुख्य पंडाल, आर्ट एंड क्राफ्ट विलेज प्रमुख आकर्षण

  3. सांस्कृतिक कार्यक्रम, खेल गतिविधियां, बुक फेयर भी शामिल

जागरण संवाददाता, हाजीपुर। विश्व प्रसिद्ध हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेले की तैयारियां अब अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। 32 दिवसीय मेले को लेकर मेला क्षेत्र में निर्माण कार्यों ने रफ्तार पकड़ ली है।

पर्यटन विभाग के मुख्य पंडाल और आर्ट एंड क्राफ्ट विलेज में स्टालों का निर्माण तेजी से हो रहा है। वहीं, थियेटर, मनोरंजन के विभिन्न साधनों और विशाल झूलों को लगाने का काम भी युद्धस्तर पर जारी है।

इस वर्ष सोनपुर मेला 22 नवंबर से 23 दिसंबर तक आयोजित होगा। 32 दिनों तक चलने वाले मेले में देश-विदेश से लाखों श्रद्धालुओं और पर्यटकों के जुटने की उम्मीद है। 

मेले की व्यवस्थाओं को सुचारू और व्यवस्थित ढंग से संचालित करने के लिए प्रशासन ने 14 कोषांगों का गठन किया है। कार्तिक पूर्णिमा के मुख्य स्नान के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए नदी में नावें, नाविक, गोताखोर और एसडीआरएफ की टीमें तैनात रहेंगी।

साफ-सफाई और प्रशासनिक निगरानी के लिए पूरे मेला क्षेत्र को दो जोन और 10 सब-जोन में बांटा गया है। वहीं, अस्थायी विद्युतीकरण कोषांग को मेला क्षेत्र में निर्बाध और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

नौका दौड़, पतंगबाजी और कुश्‍ती का भी आयोजन

मेले में प्रतिदिन होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों का विस्तृत कैलेंडर तैयार किया जा चुका है। स्थानीय संस्कृति और परंपरा को बढ़ावा देने के लिए भागवत कथा, रामलीला और प्रतिदिन घाट पर भव्य गंगा आरती का आयोजन होगा।

आउटडोर कार्यक्रमों के तहत नौका दौड़, कुश्ती और पतंगबाजी जैसी खेल गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी। विधि-व्यवस्था कोषांग की ओर से मेला क्षेत्र में सुरक्षा और सहायता के लिए अस्थायी थाने एवं पुलिस चौकियों का निर्माण कराया जा रहा है।

sonpur 1

(सोनपुर मेला क्षेत्र में लगाया जा रहा झूला।)

मेलार्थियों के स्वागत और विभिन्न आयोजनों के लिए पर्यटन विभाग की ओर से 220×100 फीट आकार के मुख्य पंडाल का निर्माण तेज गति से किया जा रहा है।

मेले के विभिन्न प्रवेश मार्गों पर छह थीम आधारित भव्य प्रवेश द्वार भी बनाए जा रहे हैं। वहीं लगभग 38 हजार वर्गफीट क्षेत्र में आर्ट एंड क्राफ्ट विलेज विकसित किया जा रहा है।

यहां 35 अत्याधुनिक स्टालों के साथ वीआइपी लाउंज और मीडिया सेंटर का निर्माण कार्य जारी है। देश-विदेश के नामी शिल्पकार अपनी कलाकृतियों का प्रदर्शन करेंगे।

17 से 23 दिसंबर तक लगेगा विशेष बुक फेयर

इस वर्ष हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेला के दौरान 17 से 23 दिसंबर तक विशेष बुक फेयर भी लगेगा। कला एवं संस्कृति विभाग की ओर से सांस्कृतिक संध्या के रूप में इंद्रधनुष कार्यक्रम प्रस्तुत किया जाएगा।

लोकगीत, लोकनृत्य, सूफी संगीत, कव्वाली और आध्यात्मिक कार्यक्रमों के जरिए यह आयोजन दर्शकों के लिए मनोरंजन और ज्ञानवर्धन का केंद्र बनेगा।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।