महिलाओं पर फब्तियां कस रहे शोहदे को महिला कांस्टेबल ने सिखाया सबक
हाजीपुर स्टेशन चौक के समीप महिलाओं पर फब्तियां कसना शोहदों को महंगा पड़ गया। उधर से गुजर रही ट्रेनी महिला कांस्टेबल ने न सिर्फ उनकी जमकर खबर ली बल्कि उनमें से एक को पकड़कर थाना भी ले गई।
जागरण संवाददाता, हाजीपुर :
हाजीपुर स्टेशन चौक के समीप महिलाओं पर फब्तियां कसना शोहदों को महंगा पड़ गया। उधर से गुजर रही ट्रेनी महिला कांस्टेबल ने न सिर्फ उनकी जमकर खबर ली बल्कि उनमें से एक को पकड़कर थाना भी ले गई। थाना पर महिला कांस्टेबल से माफी मांगने व अपनी गलती स्वीकार करने के बाद शोहदे को पांच हजार के पीआर बांड पर छोड़ दिया गया।
मिली जानकारी के अनुसार बीते शनिवार को हाजीपुर स्टेशन चौक के समीप सदर थाने के मनुआ इस्माइलपुर का सुबोध कुमार कुछ लड़कों के साथ उधर से गुजर रही महिलाओं व लड़कियों पर फब्तियां कस रहा था। इसी दौरान उधर से सिविल ड्रेस में गुजर रही जीआरपी की ट्रेनी महिला कांस्टेबल स्वीटी फर्नांडीस ने उन सबों को ऐसा करने से रोका। इसके बाद सभी महिला कांस्टेबल से यह कहकर उलझ गए कि वे उसे नहीं बोल रहे हैं। इसके बाद महिला कांस्टेबल ने सुबोध को पकड़ लिया और उसे खींचते हुए जीआरपी पोस्ट पर ले गई। जीआरपी पोस्ट पर पहुंचते ही शोहदा गिड़गिड़ाने और माफी मांगने लगा। बाद में उसे पांच हजार रुपये के पीआर बांड पर छोड़ दिया गया। इधर इस घटना का वीडियो रविवार को तेजी से वायरल हो गया। साथ ही यह खबर भी वायरल होने लगी कि शोहदे ने सिविल ड्रेस में रही महिला पुलिसकर्मी के साथ छेड़खानी की जिसके बाद महिला पुलिसकर्मी ने उसकी जमकर खबर ली।
इस संबंध में महिला कांस्टेबल स्वीटी प्रिया ने बताया कि वह दुर्गा पूजा की ड्यूटी के लिए आई थी। शनिवार को वह स्टेशन चौक के समीप होटल में खाना खाने गई थी। वहां से लौटते वक्त शोदहे पर उसकी नजर पड़ी थी। उसे पकड़कर जीआरपी पोस्ट ले आई जहां से उसे बांड भराकर छोड़ दिया गया।
वहीं जीआरपी इंचार्ज एके मिश्रा ने बताया कि ट्रेनी महिला कांस्टेबल को दुर्गा पूजा की ड्यूटी के लिए हाजीपुर भेजा गया है। शनिवार को स्टेशन चौक के समीप कुछ शोहदे महिलाओं पर फब्तियां कस रहे थे। एक शोहदे को वह पकड़ कर थाना लाई थी। बाद में उसे पीआर बांड पर छोड़ दिया गया। जीआरपी इंचार्ज ने महिला कांस्टेबल के साथ छेड़खानी की घटना से साफतौर पर इन्कार किया है।