महिला की हत्या के बाद शव को गायब करने की अफवाह
जागरण संवाददाता, हाजीपुर : नगर थाना क्षेत्र के चिकनौटा गांव में एक महिला की हत्या कर शव
जागरण संवाददाता, हाजीपुर : नगर थाना क्षेत्र के चिकनौटा गांव में एक महिला की हत्या कर शव को नदी में फेंकने जाने की सूचना पर नगर थाना की पुलिस दिन भर हलकान रही। पुलिस दिन भर गंडक नदी के घाटों की खाक छानती रही लेकिन महिला के शव का कुछ पता नहीं चल सका। बाद में पुलिस को स्थानीय लोगों से जानकारी मिली कि दोनों पक्षों ने आपस में समझौता कर लिया है और शव का कोनहारा घाट पर दाह-संस्कार कर दिया गया है। इस संबंध में नगर थाना में किसी ने भी शिकायत दर्ज नही कराई है।
मिली जानकारी के अनुसार नगर थाना की पुलिस को किसी ने सूचना दी कि एक महिला की हत्या कर शव को उसके ससुराल वाले ठिकाने लगाने के लिए गंडक नदी की ओर जा रहे हैं। इस सूचना के बाद नगर थाना की पुलिस गंडक नदी के किनारे पहुंच गई उसके बाद पुलिस को सूचना मिली की महिला के शव को कुछ लोगों ने पकड़ लिया है और पुन: उसे दरवाजा पर ले आया गया है। पुलिस वापस गांव पहुंची तो पता चला कि दोनों पक्ष गांव के लोगों के साथ एक स्थान पर जुट कर समझौता का प्रयास कर रहे है। पुलिस कुछ समझ पाती कि उन्हे सूचित कर दिया गया कि वे सभी वापस चले जाए दोनों पक्षों में सहमति बन गई है और शव को दाह-संस्कार के लिए कोनहारा घाट ले जाया जा रहा है। इस मामले में लड़का पक्ष का कहना था कि महिला ने आत्महत्या कि है जबकि लड़की पक्ष के लोगों का कहना था कि दहेज के लिए हत्या कर शव को गायब करने का प्रयास ससुराल वाले कर रहे थे। हालांकि स्थानीय लोगों की मदद से मामले को सलटा लिया गया है।