राघोपुर में बाढ़ के पानी में बही दो महिलाएं और बच्ची, नाविकों ने 200 मीटर दूर जाकर बचाई जान
राघोपुर के शिवनगर विश्राम पुल के पास बाढ़ के पानी में नहाते समय दो महिलाएं और एक बच्ची तेज बहाव ...और पढ़ें
HighLights
राघोपुर में बाढ़ के पानी में बही दो महिलाएं और एक बच्ची।
स्थानीय नाविकों और लोगों ने 200 मीटर दूर जाकर जान बचाई।
ग्रामीणों ने खतरनाक स्थानों पर चेतावनी बोर्ड लगाने की मांग की।
संवाद सूत्र, राघोपुर। जुड़ावनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत शिवनगर विश्राम पुल के पास बुधवार को बाढ़ के पानी में नहाने के दौरान एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। तेज बहाव में दो महिलाएं और एक बच्ची डूबने लगीं और करीब 200 मीटर दूरी तक बह गईं।
मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों और नाविकों की सूझबूझ से तीनों की जान बचा ली गई। डूबने वालों की पहचान जुड़ावनपुर करारी वार्ड नंबर 15 शिवनगर निवासी गीता देवी, चनो देवी और बच्ची पिंकी कुमारी के रूप में हुई है।
स्थानीय नाविक तुरंत नाव लेकर पानी में उतरे
मिली जानकारी के अनुसार तीनों गांव की अन्य महिलाओं के साथ विश्राम पुल के पास बाढ़ के पानी में नहा रही थीं। नहाने के दौरान अचानक पैर फिसला और वे गहरे पानी में चली गईं। पानी का बहाव इतना तेज था कि देखते ही देखते तीनों करीब 200 मीटर तक बह गईं। साथ में नहा रही महिलाओं ने शोर मचाया तो आसपास के खेतों में काम कर रहे लोग दौड़े। देखते ही देखते मौके पर दर्जनों लोगों की भीड़ जुट गई।

स्थानीय नाविक तुरंत नाव लेकर पानी में उतरे। स्थानीय मोबाइल दुकानदार बिट्टू कुमार ने बताया कि गीता देवी, चनो देवी और पिंकी कुमारी को डूबते देख रेनू राय, सोनू कुमार, संजीव कुमार सहित कई युवा आनन-फानन में मौके पर पहुंचे और नाविकों की मदद से तीनों को किसी तरह सुरक्षित बाहर निकाला।
गहरे स्थानों पर चेतावनी बोर्ड लगाने की मांग
ग्रामीणों ने बताया कि अगर कुछ मिनट की भी देर होती तो तीनों की जान जाना तय था। घटना की सूचना मिलते ही स्वजन भी मौके पर पहुंच गए। प्राथमिक उपचार के बाद तीनों को स्वजन के साथ घर भेज दिया गया।

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि बाढ़ के पानी में नहाने को लेकर लोगों को जागरूक किया जाए और विश्राम पुल जैसे खतरनाक और गहरे स्थानों पर चेतावनी बोर्ड लगाया जाए, ताकि ऐसी घटना दोबारा न हो।
