विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

वैशाली में बाढ़ और गंगा के उफान से तबाही, 20 दिनों में मासूमों समेत 19 लोगों की डूबने से मौत

Published: Tue, 15 Sep 2026 04:01 PM (IST)

वैशाली जिले में बाढ़ और गंगा के बढ़े जलस्तर से 20 दिनों में 19 लोगों की डूबने से मौत हो गई है, जिनमें मासूम बच्चे भी शामिल हैं।

वैशाली में बाढ़ और गंगा के उफान से तबाही, 20 दिनों में मासूमों समेत 19 लोगों की डूबने से मौत (ANI)

वैशाली में बाढ़ और गंगा के उफान से तबाही, 20 दिनों में मासूमों समेत 19 लोगों की डूबने से मौत (ANI)

HighLights

  1. वैशाली में बाढ़ से 20 दिनों में 19 लोगों की मौत।

  2. मृतकों में मासूम बच्चे भी शामिल, 15 माह की बच्ची।

  3. राघोपुर में सर्वाधिक मौतें, प्रशासन की व्यवस्थाओं पर सवाल।

रविकांत सिंह, हाजीपुर। वैशाली जिले में बाढ़ और गंगा के बढ़े जलस्तर ने तबाही मचा रखी है। 23 अगस्त से 13 सितंबर के बीच जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में डूबने से 19 लोगों की मौत हो चुकी है। मृतकों में 15 महीने की मासूम बच्ची और तीन साल का बच्चा भी शामिल है।

इनमें अधिकांश मौतें राघोपुर प्रखंड में हुई हैं, जहां 20 पंचायतों के 76 गांव बाढ़ से घिरे हैं। नाव की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने से लोग जान जोखिम में डालकर पानी पार कर रहे हैं।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि जिला प्रशासन और अंचल स्तर पर बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में नाव, गोताखोर और एसडीआरएफ की पर्याप्त व्यवस्था नहीं की गई है। राघोपुर में हर साल बाढ़ आती है, लेकिन स्थायी समाधान नहीं हो रहा है।

मजबूरी में लोग गहरे पानी में पैदल और टब से आवागमन कर रहे हैं, जिससे हादसे बढ़ रहे हैं। लगातार हो रही मौतों ने जिला प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है। अधिकांश मौतें गंगा और बाढ़ के पानी में नहाने, मछली पकड़ने, राशन लाने या नाव से आवागमन के दौरान हुई हैं।

डूबने से अबतक हुई मौतें

  • 23 अगस्त को जुड़ावनपुर थाना क्षेत्र की राघोपुर पूर्वी पंचायत में यजमान के घर जा रहे वार्ड-9 निवासी 55 वर्षीय सुरेंद्र ठाकुर की डूबने से मौत हो गई।
  • 25 अगस्त को जुड़ावनपुर के चकसिंगार पंचायत की नवनिर्मित पुलिया के पास बाढ़ के पानी में डूबने से एक अज्ञात युवक की मौत हुई।
  • 27 अगस्त को राघोपुर थाना क्षेत्र की चांदपुरा पंचायत के हैबतपुर में ढाब में भैंस धोने के दौरान 65 वर्षीय हुलास राय की मौत हो गई।
  • 3 सितंबर को बिदुपुर थाना क्षेत्र के बिशनपुर सैदअली गांव में नाव पलटने से 55 वर्षीय दूधनाथ राय की मौत हो गई, जबकि एक महिला घायल हो गई।
  • 4 सितंबर को दो लोगों की मौत हुई। फतेहपुर पंचायत के वार्ड-13 में दरवाजे पर खेल रही 15 महीने की प्रीती कुमारी, पिता मुकेश दास, की डूबकर मौत हो गई। वहीं, रुस्तमपुर थाना क्षेत्र के बहरामपुर में कच्ची दरगाह से लौट रहे 29 वर्षीय राजमिस्त्री विनय कुमार की ढाब में डूबने से मौत हो गई।
  • 5 सितंबर को बिदुपुर के सैदपुर गणेश में बच्चे को बचाने के दौरान रजौली सेंदुआरी निवासी विकास कुमार की मौत हो गई।
  • 6 सितंबर को तीन मौतें हुईं। नगर थाना क्षेत्र के लोदीपुर में यूसुफपुर निवासी सनी कुमार, जुड़ावनपुर बरारी में दुकान से राशन लाने जा रहे मुकुंद कुमार, पिता शिव सागर सिंह और पहाड़पुर पश्चिमी में स्नान के दौरान राजू कुमार, पिता रामप्रवेश राय, की डूबने से मौत हो गई।
  • 7 सितंबर को राघोपुर थाना क्षेत्र की मोहनपुर पंचायत में पिता को बथान पर खाना देकर लौट रहे रमेश राय, पिता शिव शंकर राय, की डूबने से मौत हो गई।
  • 8 सितंबर को दो बड़ी घटनाओं में तीन लोगों की जान चली गई। राघोपुर थाना क्षेत्र के फतेहपुर पंचायत में बाढ़ के पानी में डूबने से पहाड़पुर पश्चिमी नया टोला निवासी अरुण दास, पिता स्वर्गीय बंगाली दास, की मौत हो गई। वह घर से राशन लेने और गेहूं पिसवाने जा रहे थे। उनका शव 9 सितंबर को बरामद हुआ।
  • 8 सितंबर को ही गंगाब्रिज थाना क्षेत्र में महात्मा गांधी सेतु के पाया नंबर-9 के निकट बोल्डर से टकराकर नाव डूब गई। स्थानीय लोगों ने नौ लोगों को बचा लिया, लेकिन तेरसिया निवासी चंदन कुमार का शव पांच घंटे बाद और दीपक कुमार का शव 9 सितंबर को बरामद हुआ। सभी तेरसिया दियारा से पाया नंबर-1 की ओर जा रहे थे।
  • 9 सितंबर को बिदुपुर थाना क्षेत्र की कंचनपुर पंचायत के वार्ड-9 में गंगा नदी में स्नान के दौरान 35 वर्षीय शोभा देवी, पति वीर चंद्र राय, की मौत हो गई।
  • 10 सितंबर को रुस्तमपुर थाना क्षेत्र के मलिकपुर लोहा पुल के निकट बाढ़ के पानी में डूबने से राघोपुर थाना क्षेत्र के मलिकपुर निवासी निशांत कुमार उर्फ छोटू की मौत हो गई।
  • 11 सितंबर को महनार प्रखंड की गोरीगामा पंचायत के जगन्नाथपुर गांव में मछली पकड़ने के दौरान 36 वर्षीय सुरेश सहनी, पिता स्व. जुगेश्वर सहनी, की मौत हो गई।
  • 13 सितंबर को दो लोगों की डूबने से मौत हुई। रुस्तमपुर थाना क्षेत्र में जफराबाद पेठिया जाने के दौरान रुस्तमपुर थाना में तैनात चौकीदार दिनकर कुमार की बाढ़ के पानी में डूबने से मौत हो गई। वह राशन लाने पेठिया जा रहे थे। उनका शव देर रात बरामद हुआ। वहीं, जुड़ावनपुर थाना क्षेत्र के जुड़ावनपुर बरारी गांव में घर के निकट खेलते समय बाढ़ के पानी में डूबने से तीन वर्षीय हरियन कुमार, पिता राम श्लोक राय, की मौत हो गई।