वैशाली के रुस्तमपुर में 15 दिन से बिजली ठप, 200 घरों में छाया अंधेरा; विभाग के ढुलमुल रैवेये से ग्रामीण परेशान
राघोपुर के रुस्तमपुर पंचायत में 15 दिनों से ट्रांसफार्मर खराब होने के कारण 200 घरों में बिजली नहीं है, जिससे ग्रामीण अंधेरे में नारकीय जीवन जी रहे हैं।

ग्रामीणों का प्रदर्शन। फोटो जारण
HighLights
रुस्तमपुर में 15 दिन से 200 घरों में बिजली गुल।
बिजली विभाग ट्रांसफार्मर बदलने में लगातार कर रहा देरी।
अंधेरे के कारण जंगली जानवरों का आतंक बढ़ा, लोग भयभीत।
संवाद सूत्र, राघोपुर। वैशाली जिले के राघोपुर प्रखंड के रुस्तमपुर पंचायत के वार्ड नंबर 17 और 18 में ट्रांसफार्मर जलने के कारण करीब 15 दिनों से लगभग 200 घरों में अंधेरा छाया हुआ है।
ग्रामीणों द्वारा ट्रांसफार्मर बदलने के लिए बिजली विभाग के जेई को बार-बार आग्रह किया जा रहा है, लेकिन उनके द्वारा सिर्फ आश्वासन दिया जा रहा है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि बाढ़ का पानी आने के कारण करीब एक महीना पहले राघोपुर की बिजली आपूर्ति बंद कर दी गई थी।
पानी घटने के बाद आपूर्ति शुरू हुई, लेकिन करीब 15 दिन पहले ट्रांसफार्मर जल गया। इसकी सूचना विद्युत विभाग को दी गई, लेकिन अधिकारी दिन-प्रतिदिन सिर्फ आश्वासन दे रहे हैं।
वार्ड सदस्य प्रतिनिधि राकेश कुमार ने बताया कि पिछले 15 दिन से वार्ड नंबर 17 और 18 की लाइन पूर्ण रूप से बंद है। दोनों वार्ड में करीब 200 घरों का कनेक्शन है।
जेई को फोन किया जाता है, तो बोलते हैं कि कल लग जाएगा, परसों लग जाएगा। लगभग 10 से 15 दिन से ऐसा ही बहाना बनाया जा रहा है। बिजली नहीं रहने के कारण रुस्तमपुर पंचायत के दोनों वार्ड के लोगों को इनपुट अनुदान के लिए ऑनलाइन आवेदन करने में काफी परेशानी हो रही है।
अधिकांश लोग अभी तक आवेदन नहीं कर पाए हैं। रात में बच्चों की पढ़ाई-लिखाई और मोबाइल चार्ज करने में भी भारी दिक्कत हो रही है।
स्थानीय डॉक्टर मिथिलेश कुमार ने बताया कि बाढ़ के समय से जला हुआ ट्रांसफार्मर आज तक बदला नहीं गया है। अंधेरे के कारण जंगली जानवरों का आतंक बढ़ गया है।
चारों तरफ कीचड़ और गंदगी के कारण आना-जाना मुश्किल हो गया है। ग्रामीणों के अनुसार, अंधेरे में जंगली सूअर, सियार, सांप, बिच्छू और अन्य कीड़े-मकोड़े निकल रहे हैं।
सियार ने अब तक कई लोगों को काट लिया है और दो जानवरों को भी जख्मी कर दिया है। रात में लोग घर से बाहर निकलने से डर रहे हैं। बच्चों और बुजुर्गों को सबसे ज्यादा परेशानी हो रही है।
गुस्साए ग्रामीणों ने एसडीओ से अतिशीघ्र लाइन चालू कराने की मांग की है। लोगों ने कहा कि यदि विभाग लाइन नहीं दे सकता तो कनेक्शन काट दे, ताकि बिल का बोझ न पड़े।
एक महीने से बिना बिजली के लोग नारकीय जीवन जीने को मजबूर हैं। इस मौके पर स्थानीय डॉक्टर मिथिलेश कुमार, शत्रुघ्न राय, सामू राय, मुकेश राय, बिजेंद्र यादव, आनंद कुमार, सौरभ कुमार, हिमांशु कुमार, गौतम कुमार समेत कई ग्रामीण मौजूद रहे।
