बिदुपुर में करंट की चपेट में आने से महिला की मौत, हंगामा
एक महिला हाई टेंशन तार की चपेट में आ गई।
वैशाली । बिदुपुर थाना के पानापुर दिलावरपुर गांव में बीते गुरुवार की अर्ध रात्रि में गरज के साथ हो रही बारिश की आवाज सुनकर जलावन उठाने के लिए बाहर निकली एक महिला हाई टेंशन तार की चपेट में आ गई। 11 हजार वोल्ट की चपेट में आने से महिला की मौके पर मौत हो गई। घटना लगभग एक बजे रात की है। मृतका उषा देवी पानापुर दिलावरपुर निवासी तिलेश्वर राय की पत्नी थी। इस घटना के विरोध में स्थानीय लोगों ने शुक्रवार की सुबह हाजीपुर-महनार रोड को जाम कर दिया, जिसके कारण मुख्य मार्ग पर लगभग छह घंटे तक वाहनों की आवाजाही ठप रही। रोड जाम की सूचना मिलते ही बिदुपुर थाना के एसआइ सुरेश कुमार प्रसाद, राजेन्द्र यादव एवं एएसआई शैलेन्द्र कुमार ने आक्रोशित लोगों को समझाने का काफी प्रयास किया। लेकिन स्थानीय लोग मृतका के परिजन को उचित मुआवजा देने की मांग कर रहे थे। आक्रोशित लोगों ने मुख्य मार्ग पर टायर जलाकर और बांस-बल्ले से घेर रखा था जिसके कारण कोई भी गाड़ी आ-जा नहीं रही थी। लोग बिजली विभाग पर जर्जर तारों को नहीं बदलने का आरोप लगा रहे थे।
भाजपा पूरबी मंडल अध्यक्ष ¨टकज कुमार ¨सह ने मौके पर ही बिजली विभाग के सहायक अभियंता विशाल कुमार एवं कनीय अभियंता सुधांशु भूषण से बात की और घटना की सूचना दी। लोग बिजली विभाग के पदाधिकारी को घटनास्थल पर बुलाने की मांग कर रहे थे। घटनास्थल पर सहायक विद्युत अभियंता एवं कनीय अभियन्ता ने पहुंचकर लोगो को आश्वासन दिया कि एक सप्ताह के अंदर मृतका के आश्रितों को विभाग द्वारा चार लाख रुपये मुआवजा दिलाएंगे। इसके बाद मुख्य मार्ग से जाम हटाया गया। बाद में पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल हाजीपुर भेजा। इस घटना से मृतका के परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया है। पूरे गांव के लोग शोकाकुल हैं। मृतका की तीन पुत्रियां और एक पुत्र है।