विकास के भगीरथ नरेंद्र मोदी के हाथों को करें मजबूत : नित्यानंद राय
वैशाली। बिहार ने एनडीए की मजबूत सरकार बनाकर विकास के भगीरथ नरेंद्र मोदी के हाथों को
वैशाली। बिहार ने एनडीए की मजबूत सरकार बनाकर विकास के भगीरथ नरेंद्र मोदी के हाथों को मजबूत करें। बिहार मां जानकी की भूमि है और यहां से राम की कभी पराजय नहीं हुई है। आज विकास पुरुष नरेंद्र मोदी के कारण देश से धारा 370 को हटाया गया एवं अयोध्या में भव्य राममंदिर का निर्माण होने जा रहा है। भारत की ताकत को लेकर चीन भारत पर आंख दिखाने की जुर्रत नहीं कर रहा है। आज देश के सैनिक राफेल जैसे अत्याधुनिक हथियार से लैस हैं। देश मोदी जी के कुशल नेतृत्व में काफी तेजी से विकास कर रहा है। बिहार के विकास पर केंद्र सरकार पूरी ध्यान दे रही है। यहां मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में काफी तेजी से विकास हो रहा है। विकास की इस गति को और तेज करने के लिए यह आवश्यक है कि बिहार में एनडीए की सरकार बने। पूरे बिहार में जिस तरह एनडीए के पक्ष में लहर है, भारी बहुमत से एनडीए की सरकार नीतीश कुमार के नेतृत्व में बनने जा रही है।
लालगंज विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के सिबल पर चुनाव लड़ रहे एनडीए के प्रत्याशी संजय कुमार सिंह के पक्ष में गुरुवार को भगवानपुर प्रखंड क्षेत्र के उच्च विद्यालय के प्रांगण में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए केंद्रीय गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय ने उक्त बातें कही। जनसभा को संबोधित करते हुए नित्यानंद ने लालगंज से भाजपा के प्रत्याशी संजय कुमार सिंह को अपार बहुमत से जिताने की अपील की। चुनावी सभा को संबोधित करते हुए सन ऑफ मल्लाह मुकेश सहनी ने महागठबंधन पर पीठ में चाकू घोंपने का आरोप लगाते हुए कहा कि आज सहनी समुदाय को मान-सम्मान भाजपा गठबंधन ने दिया है। समाज के लोग लालगंज समेत पूरे बिहार में भाजपा गठबंधन को तन-मन से सहयोग कर जिताने का काम करे। गृह राज्य मंत्री नित्यानंद एवं मुकेश साहनी का हेलीकॉप्टर का कार्यक्रम रद होने के कारण सड़क मार्ग से भगवानपुर पहुंचे। इसके कारण यहां सभा करीब तीन घंटे विलंब से शुरू हुआ।