घर पर चढ़कर की युवक की हत्या, आधा दर्जन लोग घायल
वैशाली । महुआ थाना के मंगुराही पंचायत के भागवतपुर तरौरा गांव मे चचेरे भाईयों के बीच पैसे को लेकर विव
वैशाली । महुआ थाना के मंगुराही पंचायत के भागवतपुर तरौरा गांव मे चचेरे भाईयों के बीच पैसे को लेकर विवाद में आधा दर्जन लोगों ने हथियार के साथ एक घर पर हमला कर दिया। जिसमें एक युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, वहीं आधा दर्जन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद आरोपित गांव छोड़कर फरार हो गए। घटना को लेकर गांव मे तनावपूर्ण स्थिती बनी हुई है। पुलिस ने मामले की गहन जांच शुरू कर दी है। किसी की गिरफ्तारी की सूचना नहीं है।
जानकारी के अनुसार मंगुराही पंचायत के भागवतपुर तरौरा नोनिया टोला के योगेन्द्र महतो के 35 वर्षिय पुत्र इंदल महतो तथा उमेश महतो के बीच पूर्व से पैसा का विवाद चल रहा था। गुरुवार होली की शाम उमेश महतो एवं इंदल महतो के बीच विवाद काफी बढ़ गया। इसके बाद उमेश महतो, मिथिलेश महतो, नागेश्वर महतो, हरि मंगल आदि ने पारंपरिक हरवे-हथियार के साथ इंदल महतो के घर पर पहुंचकर हमला कर दिया। इंदल महतो को भाला से मार दिया। भाला इंदर के पेट मे लगी। थोड़ी ही देर मे घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। वहीं अपने पुत्र को बचाने आई इंदल की मां कचनी देवी, पत्नी किरण देवी को भी गंभीर रूप से मारपीट कर घायल कर दिया गया। घटना के वक्त गांव मे लोग होली खेल रहे थे। सूचना पर लोग बचाने के लिए आए तो हमलावरों ने विकास कुमार, सुनील कुमार, सतीश कुमार एवं अशोक कुमार को भी मारपीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। अन्य लोगों को आते देख सभी हमलावार फरार हो गए।
स्थानीय लोगों ने सभी घायलों को इलाज के लिए अनुमंडल अस्पताल में भर्ती कराया। जहां से गंभीर रूप से घायल कचनी देवी को पटना रेफर किया गया। घटना की सूचना मिलते ही महुआ थानाध्यक्ष सुनील कुमार सिंह ने घटनास्थल पर पुलिस बल को भेजा। वहीं घटनास्थल पर पूर्व पैक्स अध्यक्ष अरविन्द कुमार सिंह, समिति सदस्य सुबोध कुमार सिंह, श्याम सुन्दर चौधरी, जिला पार्षद अशोक कुमार अकेला, ललित कुमार घोष आदि लोगों ने पहुंचकर आक्रोशित लोगो को शांत किया। ग्रामीणों ने आपसी सहयोग से राशि एकत्रित कर घायल महिला के इलाज में सहयोग प्रदान किया।