विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

वैशाली में मोहर्रम से पहले डीजे जब्ती को लेकर बवाल, भीड़ ने पुलिस टीम पर किया हमला; थानाध्यक्ष समेत 4 घायल

Published: Tue, 23 Jun 2026 10:33 PM (IST)

मुहर्रम पर डीजे जब्त करने गई महनार पुलिस पर स्थानीय लोगों ने हमला कर दिया, जिसमें थानाध्यक्ष समेत चार पुलिसकर्मी ...और पढ़ें

News Article Hero Image

HighLights

  1. मुहर्रम पर डीजे जब्त करने गई पुलिस पर हमला।

  2. महनार थानाध्यक्ष समेत चार पुलिसकर्मी घायल।

  3. घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया।

जागरण संवाददाता, हाजीपुर: मोहर्रम से ठीक पहले वैशाली के महनार में तनाव की स्थिति बन गई है। डीजे बजाने पर प्रतिबंध के आदेश के बाद जब्ती कार्रवाई के दौरान भीड़ ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया।

हमले में महनार थानाध्यक्ष वेदानंद सिंह, दरोगा अनिल कुमार पांडे समेत दो जवान घायल हो गए। दरअसल, मोहर्रम में डीजे बजाने पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने और डीजे जब्त करने के निर्देश के बाद महनार थाना की गश्ती गाड़ी ने मंगलवार को महनार बाजार स्थित मिडिल स्कूल चौक के पास से एक डीजे जब्त किया।

जैसे ही पुलिस डीजे को थाना ले जाने लगी, सैकड़ों लोगों की भीड़ जमा हो गई। भीड़ ने पुलिस टीम पर हमला कर जब्त डीजे छुड़ा लिया और पुलिसकर्मियों के साथ अभद्र व्यवहार करते हुए उनकी पिटाई कर दी।

घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची अतिरिक्त पुलिस बल और क्यूआरटी टीम ने घायल पुलिसकर्मियों को बचाया। फिलहाल इलाके में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है।

उल्लेखनीय है कि मोहर्रम को लेकर आज समाहरणालय में डीएम-एसपी की अध्यक्षता में जिलास्तरीय शांति समिति की बैठक हुई थी, जिसमें डीजे पर पूर्ण रोक लगाने का निर्देश जारी किया गया था। इसी आदेश के तहत पुलिस जब्ती कार्रवाई कर रही थी।