जमीन विवाद में गोलियों की तड़तड़ाहट से दहला महुआ का गांव, आधा दर्जन से अधिक राउंड फायरिंग; महिला समेत दो घायल
वैशाली के महुआ थाना क्षेत्र में जमीन विवाद को लेकर हुई फायरिंग में एक महिला समेत दो लोग घायल हो ...और पढ़ें

महिला के हाथ और दूसरे व्यक्ति के पैर में लगी गोली
HighLights
वैशाली के महुआ में जमीन विवाद पर गोलीबारी हुई।
फायरिंग में एक महिला और एक पुरुष घायल हुए।
पुलिस ने गांव में कैंप कर जांच शुरू की।
संवाद सहयोगी, महुआ(वैशाली)। वैशाली जिले के महुआ थाना क्षेत्र में जमीन विवाद को लेकर फायरिंग की घटना सामने आई है। रसूलपुर मुबारक पंचायत के हरपुर गंगाराम गांव में दो पक्षों के बीच विवाद के दौरान आधा दर्जन से अधिक राउंड फायरिंग की गई। अचानक हुई गोलीबारी से गांव में अफरा-तफरी मच गई और लोग अपने-अपने घरों में चले गए। इस घटना में एक महिला समेत दो लोग घायल हो गए। वहीं, एक पशु भी गोली लगने से जख्मी हो गया।
लंबे समय से चल रहा था जमीन को लेकर विवाद
मिली जानकारी के अनुसार, हरपुर गंगाराम गांव में जमीन को लेकर दो पक्षों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसको लेकर पहले भी कई बार दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो चुकी थी।
मंगलवार को विवाद ने अचानक गंभीर रूप ले लिया और एक पक्ष की ओर से कई राउंड फायरिंग किए जाने की बात सामने आई। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
महिला के हाथ और दूसरे व्यक्ति के पैर में लगी गोली
फायरिंग की घटना में सुमित्रा देवी, पति शिवशंकर सिंह, के दाहिने हाथ में गोली लगी है। वहीं, देवेंद्र महतो के दाहिने पैर में गोली लगने से वह घायल हो गए। इसके अलावा एक पशु भी इस घटना में जख्मी हुआ है।
गोली लगने से घायल दोनों लोगों को आनन-फानन में अस्पताल पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए उन्हें सदर अस्पताल रेफर कर दिया।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस, गांव में कैंप
घटना की सूचना मिलते ही महुआ थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस फायरिंग में शामिल लोगों की पहचान करने में जुटी है। घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई है। इसे देखते हुए पुलिस गांव में कैंप कर रही है और स्थिति पर नजर रख रही है।
पहले भी हो चुकी थी दोनों पक्षों में कहासुनी
ग्रामीणों के अनुसार, जमीन विवाद को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले भी कई बार विवाद हुआ था। हालांकि, इस बार मामला फायरिंग तक पहुंच गया। पुलिस का कहना है कि घटना में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है। दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।