हाजीपुर में गर्भवती महिला के पेट में मारी गोली, परिजनों के बदलते बयानों से मामला संदिग्ध; जांच जारी
हाजीपुर के अदलपुर में एक 19 वर्षीय गर्भवती महिला को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया, जिससे ...और पढ़ें

गर्भवती महिला के पेट में मारी गोली
HighLights
19 वर्षीय गर्भवती महिला को पेट में गोली लगी।
परिजनों के बयानों में विरोधाभास, मामला संदिग्ध।
प्रेम विवाह विवाद से जुड़ाव की आशंका।
जागरण संवाददाता, हाजीपुर। सदर थाना क्षेत्र के अदलपुर में बुधवार सुबह बदमाशों ने एक 19 वर्षीय गर्भवती महिला को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। गोली महिला के पेट में लगी है, जिससे उसकी हालत बेहद नाजुक बनी हुई है।
घायल महिला को आनन-फानन में स्वजन द्वारा सदर अस्पताल हाजीपुर में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए पटना के पीएमसीएच रेफर कर दिया।
घटना बुधवार सुबह करीब 10 बजे की बताई जा रही है। घायल की पहचान सदर थाना क्षेत्र के अदलपुर निवासी सोनू कुमार की 19 वर्षीय पत्नी दीवानी कुमारी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि महिला गर्भवती है, इसलिए उसके पेट में गोली लगना और भी गंभीर मामला बन गया है।
घायल महिला के परिवार वालों से अलग-अलग पूछताछ
घटना की सूचना मिलते ही सदर अस्पताल में नगर थाना और सदर थाने की पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने अस्पताल में घायल और उसके स्वजन से पूछताछ की।
वहीं, सदर थाने की पुलिस घटनास्थल अदलपुर गांव में पहुंचकर मामले की छानबीन में जुट गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए सदर-1 के एसडीपीओ सुबोध कुमार खुद सदर अस्पताल पहुंचे और घायल महिला के परिवार वालों से अलग-अलग पूछताछ की।
परिजनों के बयान में भारी विरोधाभास, पुलिस को मामला संदिग्ध लगा
पुलिस के द्वारा परिजनों से पूछताछ में बयानों में भारी विरोधाभास सामने आ रहा है। पूछताछ के दौरान परिवार के एक सदस्य ने बताया कि महिला को घर के बाहर गोली लगी है, तो दूसरे सदस्य ने कहा कि दलान पर गोली मारी गई। जब पुलिस की टीम मौके पर पहुंची तो जांच में घर के अंदर गोली चलने की बात सामने आई।
लगातार बदल रहे बयानों के कारण पुलिस इस मामले को संदिग्ध मान रही है। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला गोलीबारी का तो है, लेकिन गोली किसने, क्यों और कहां मारी, इसे लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो पा रही है।
प्रेम विवाह का विवाद तो नहीं है कारण?
इधर, घायल महिला ने पुलिस को दिए बयान में एक और अहम बात बताई है। महिला के अनुसार, उसका देवर कुछ दिन पहले ही घर के बगल में रहने वाली एक लड़की के साथ भागकर शादी कर लिया था। इस शादी के बाद से दोनों परिवारों के बीच तनाव और विवाद चल रहा था। आशंका जताई जा रही है कि कहीं इसी विवाद के कारण तो इस घटना को अंजाम नहीं दिया गया है।
एसडीपीओ सुबोध कुमार ने बताया कि मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। परिवार के सभी सदस्यों से अलग-अलग पूछताछ की जा रही है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। सभी बिंदुओं पर गहन जांच के बाद ही सच्चाई सामने आ पाएगी।
