विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हाजीपुर का लाल ओटीटी पर छाया, 'वेटिंग है' में दिव्येंदु शर्मा और कुमुद मिश्रा संग दिखे प्रभाकर

Published: Sat, 19 Sep 2026 04:19 PM (IST)

सोनपुर के प्रभाकर शर्मा ने अमेजन एमएक्स प्लेयर की वेब सीरीज 'वेटिंग है' में अपने अभिनय से पहचान बनाई है। ...और पढ़ें

प्रभाकर शर्मा

प्रभाकर शर्मा

जागरण संवाददाता, हाजीपुर। सोनपुर प्रखंड के सबलपुर बभन टोली निवासी प्रभाकर शर्मा ने अभिनय के क्षेत्र में अपनी पहचान बनाई है। शैलेश शर्मा के पुत्र प्रभाकर हाल ही में अमेजन एमएक्स प्लेयर पर रिलीज हुई वेब सीरीज वेटिंग है में नजर आए हैं। सीरीज में उनके अभिनय की सराहना की जा रही है। 

रेलवे टिकट स्कैम की घटनाओं पर आधारित इस सीरीज में प्रभाकर ने अपनी भूमिका से दर्शकों का ध्यान खींचा है। बताया गया है कि सीरीज फिलहाल भारत में नंबर-1 पर ट्रेंड कर रही है।

प्रभाकर दो-तीन बार ही घर आ सके

प्रभाकर पिछले तीन वर्षों से मुंबई में रहकर अभिनय का विधिवत प्रशिक्षण ले रहे थे। कड़ी प्रतिस्पर्धा और संघर्ष के बीच उन्होंने अभिनय के क्षेत्र में अपनी जगह बनाई है। उनके पिता शैलेश शर्मा और माता सुप्रिया देवी को बेटे की उपलब्धि पर गर्व है। बचपन में प्रभाकर को प्यार से गिरधारी कहकर बुलाया जाता था और आज भी क्षेत्र में लोग उन्हें इसी नाम से जानते हैं। 

अभिनय के प्रति उनके जुनून को देखते हुए परिवार ने उन्हें मुंबई जाकर प्रशिक्षण लेने के लिए प्रोत्साहित किया। इसके बाद से प्रभाकर दो-तीन बार ही घर आ सके हैं।

रेलवे टिकट स्कैम पर आधारित है सीरीज

वेटिंग है में रेलवे टिकट बुकिंग से जुड़े स्कैम और उससे आम यात्रियों को होने वाली परेशानियों को दिखाया गया है। सीरीज में संगठित फ्राड के आम लोगों के जीवन पर पड़ने वाले प्रभाव को कहानी के माध्यम से प्रस्तुत किया गया है। 

सीरीज में मिर्जापुर फेम दिव्येंदु शर्मा, भुवन अरोड़ा, कुमुद मिश्रा, यशपाल शर्मा और विजय मौर्य समेत कई कलाकार मुख्य भूमिकाओं में हैं। दमदार कहानी और यथार्थवादी अभिनय के कारण सीरीज को दर्शकों की प्रतिक्रिया मिल रही है। 

प्रभाकर के दो अन्य प्रोजेक्ट भी जल्द रिलीज होने वाले हैं। इनमें बिहार के पहले गैंगस्टर अशोक सम्राट के जीवन पर आधारित गैंगस्टर सम्राट और सिस्टम शामिल हैं। उनकी सफलता से सोनपुर और आसपास के क्षेत्र में खुशी का माहौल है।

यह भी पढ़ें- बिहार के 29 जिलों में बनाए जाएंगे हाईटेक एग्जाम सेंटर, चुनाव के लिए भी होंगे इस्तेमाल; ₹330 करोड़ से अधिक खर्च