विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हाजीपुर में 'ऑपरेशन नीलकंठ', LED टीवी के अंदर छिपाकर 71.75 ग्राम हेरोइन ला रहे 4 तस्कर गिरफ्तार

Published: Sat, 19 Sep 2026 07:12 PM (IST)

वैशाली पुलिस के ऑपरेशन नीलकंठ के तहत हाजीपुर में औद्योगिक थाना पुलिस ने चकमकरंद हाल्ट से 71.75 ग्राम हेरोइन के साथ चार तस्करों को गिरफ्तार किया है।

हेरोइन ला रहे 4 तस्कर गिरफ्तार

हेरोइन ला रहे 4 तस्कर गिरफ्तार

HighLights

  1. वैशाली पुलिस ने ऑपरेशन नीलकंठ के तहत चार तस्करों को पकड़ा।

  2. 71.75 ग्राम हेरोइन एलईडी टीवी में छिपाकर लाई जा रही थी।

  3. तस्कर अगरतला से बिदुपुर में मादक पदार्थ बेचने जा रहे थे।

जागरण संवाददाता, हाजीपुर। वैशाली पुलिस के मादक पदार्थों के सेवन, बिक्री और भंडारण पर रोक के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन नीलकंठ के तहत शुक्रवार की रात औद्योगिक थाना की पुलिस ने चकमकरंद हाल्ट से 71.75 ग्राम हेरोइन (स्मैक) के साथ चार तस्करों को गिरफ्तार किया है। 

पुलिस ने पांच मोबाइल और एक एलईडी टीवी भी जब्त किया है। पुलिस को चकमा देने के लिए तस्करों ने मादक पदार्थ को एलइडी टीवी के अंदर छिपा रखा था। यह जानकारी शनिवार को सदर एसडीपीओ गोपाल मंडल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी।

टीम गठित कर हाल्ट पर छापेमारी की गई

उन्होंने बताया कि औद्योगिक थाना की पुलिस को मद्य निषेध एवं राज्य स्वापक नियंत्रण ब्यूरो, पटना से सूचना मिली थी कि कुछ तस्कर मादक पदार्थ लेकर चकमकरंद हाल्ट पर उतरे हैं। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर उनके नेतृत्व में टीम गठित कर हाल्ट पर छापेमारी की गई। 

तलाशी के दौरान एलईडी टीवी के अंदर छिपाकर रखा 71.75 ग्राम हेरोइन बरामद हुआ। पूछताछ के क्रम में पकड़े गए आरोपितों की पहचान बिदुपुर थाना के बिदुपुर निवासी शिवचंद्र राय के पुत्र अमन कुमार, मधुरापुर निवासी भरत पासवान के पुत्र मणिकांत पासवान, बिदुपुर गणिनाथ निवासी सुरेंद्र सिंह के पुत्र विजय कुमार और बिदुपुर डीह निवासी सुरेश राय के पुत्र नकुल कुमार के रूप हुई।

अगरतला से मादक पदार्थ लाकर बिदुपुर में बेचते रहे

पूछताछ में आरोपितों ने पुलिस को बताया कि वे मादक पदार्थ को साबुदानी के प्लास्टिक डिब्बे में पैक कर अगरतला, त्रिपुरा से ला रहे थे और बिदुपुर में खरीद-बिक्री करने जा रहे थे। उन्होंने पुलिस को यह भी बताया कि वे पहले भी अगरतला से मादक पदार्थ लाकर बिदुपुर में बेचते रहे हैं। 

एसडीपीओ ने बताया कि इस संबंध में औद्योगिक थाना कांड संख्या 171/26 दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।

यह भी पढ़ें- हाजीपुर-मुजफ्फरपुर NH-22 पर भीषण हादसा, कार सवार अधिवक्ता का सिर धड़ से अलग, एक की मौत तीन वकील घायल