विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

चोरों को पिस्तौल देता था और चोरी के गहने खरीदता था सोनार, हाजीपुर पुलिस ने सरगना समेत 5 को दबोचा

Published: Sun, 15 Nov 2026 02:18 PM (IST)

हाजीपुर पुलिस ने गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए चोरी के आभूषण, नकद और हथियार के साथ पांच लोगों को गिरफ्तार किया है, जिसमें एक आभूषण दुकानदार भी शामिल है।

प्रेस कॉन्फ्रेंस कर जानकारी देते सदर एसडीपीओ सुबोध कुमार व अन्य पुलिस पदाधिकारी। (जागरण)

प्रेस कॉन्फ्रेंस कर जानकारी देते सदर एसडीपीओ सुबोध कुमार व अन्य पुलिस पदाधिकारी। (जागरण)

HighLights

  1. हाजीपुर पुलिस ने चोरी के आभूषण, नकद व हथियार के साथ पांच को पकड़ा।

  2. गिरफ्तार लोगों में एक आभूषण दुकानदार और चार चोर शामिल हैं।

  3. नारायणी नगर गोलीकांड का खुलासा, लाखों नकद और सोना-चांदी बरामद।

जागरण संवाददाता, हाजीपुर। नगर थाना की पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए चोरी के आभूषण और नकद रुपये और पिस्तौल और कारतूस के साथ आभूषण दुकानदार सहित पांच चोरों को गिरफ्तार कर लिया है।

बीते दिनों नगर थाना क्षेत्र के नारायणी नगर में चोरी के दौरान एक व्यक्ति को गोली मारकर घायल कर देने वाली घटना का भी खुलासा हो गया है।

पुलिस ने एक पिस्तौल,चार कारतूस,34.87 ग्राम सोना के आभूषण,351.72 ग्राम चांदी का आभूषण आदि सामान बरामद किया गया है। यह जानकारी सदर एसडीपीओ सुबोध कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर दी।

उन्होंने कहा कि कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि तंगौल जगदम्बा स्थान के पीछे गंडक पुल के नीचे 5-6 अज्ञात बदमाश अवैध हथियार के साथ किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं।

सूचना को वरीय पदाधिकारी को देते हुए सूचना के सत्यापन एवं आवश्यक कार्रवाई हेतु रात्रि गश्ती पदाधिकारी को साथ लेकर पुलिस टीम बताए गए स्थान पर पहुंची।

दल-बल के साथ घेराबंदी करते हुए खोजबीन की गई तो देखा कि 5 व्यक्ति जगदम्बा स्थान के पीछे एक जगह एकत्रित होकर छिपे बैठे थे।

जैसे ही उनकी नजर पुलिस बल पर पड़ी तो सभी भागने का प्रयास करने लगे, जिसमें से चार व्यक्तियों को पुलिस बल के सहयोग से पकड़ लिया गया तथा एक व्यक्ति भागने में सफल रहा।

गिरफ्तार आरोपी का नाम पता की पहचान

  • विक्की कुमार सिंह, उम्र करीब 26 वर्ष, पिता स्व. रामनाथ सिंह, सा. आमी, थाना दिघवारा, जिला सारण
  • मो. दानिश उर्फ सरवा, उम्र करीब 20 वर्ष, पिता मो. मुख्तार, सा. पूर्वी नूनगोला, थाना नगर, जिला वैशाली
  • प्रकाश कुमार उर्फ मेंटल, उम्र करीब 22 वर्ष, पिता उमेश साह, सा. क्रांति चौक, थाना नगर, जिला वैशाली
  • मोनू कुमार, उम्र करीब 26 वर्ष, पिता चन्द्रदीप दास, सा. छोटी मरई, थाना औद्योगिक क्षेत्र, जिला वैशाली बताया।
  • भागने वाला व्यक्ति मो. अख्तर (दानिश का भाई) पिता मो. मुख्तार, सा. पूर्वी नूनगोला, थाना नगर, जिला वैशाली है।

तलाशी के क्रम में विक्की कुमार सिंह के कमर के पीछे खोसा हुआ एक देशी पिस्टल मिला, जिसके मैगजीन को अनलोड करने पर दो जिंदा कारतूस मैगजीन में पाया गया।

इसके पैंट के दाहिने पॉकेट से एक मोबाइल बरामद किया गया।दानिश उर्फ सरवा के पैंट के बाएं पॉकेट से दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए। प्रकाश कुमार उर्फ मेंटल के पायजामा में छिपा कर रखा हुआ लोहे का एक स्लाइड रिंच मिला।

मोनू कुमार के जींस में छिपा कर रखा हुआ लोहे का एक हेक्सा ब्लेड तथा लोहे का एक पेचकस मिला।पूछताछ में बताया कि हम लोग घर में चोरी करने के उद्देश्य से देशी पिस्टल एवं औजार के साथ यहां एकत्रित होकर योजना बना रहे थे।

सख्ती से पूछताछ की गई तो इनके द्वारा बताया गया कि हम पांचों मिलकर पूर्व में भी बंद घर में विभिन्न जगहों पर जाकर घर से सोने-चांदी के गहने एवं अन्य सामान चोरी किए हैं।

चोरी के कुछ सोने-चांदी के गहने हमने मनीष कुमार, पिता नंदकिशोर सिंह, सा. मस्जिद चौक, सोनारपट्टी, थाना नगर, जिला वैशाली को बेचे हैं तथा वो इसके बदले हमें नकद रुपए देता है तथा मनीष ही हमें चोरी के लिए अवैध पिस्टल उपलब्ध कराता है।

विक्की के घर से 4.96 लाख नकद और गहने बरामद

गिरफ्तार व्यक्ति विक्की कुमार सिंह ने बताया कि चोरी के कुछ गहने एवं नकद रुपये मैं अपने घर आमी, थाना दिघवारा, सारण में छिपा कर रखा हूं, जो मैं बरामद करा दूंगा।

विक्की की निशानदेही पर दिघवारा थाना के गश्ती दल के साथ उसके घर पर छापामारी की गई। तलाशी के क्रम में घर के अंदर अलमीरा में से कुल नकद राशि 4,96,267 रुपए बरामद हुई।

इसके अलावा घर से सोने जैसे धातु का कुल वजन 34.07 ग्राम और चांदी जैसे धातु का कुल वजन 351.72 ग्राम आभूषण बरामद हुआ। इसमें सोने की चैन, मंगलसूत्र, लॉकेट, बाली, नथिया, टॉप्स, झुमका, चांदी की पायल, बिछिया, बिड़िया, राखी आदि शामिल हैं।

नारायणी नगर गोलीकांड का भी खुलासा

जब इन लोगों से 5 नवंबर की रात्रि में नगर थाना हाजीपुर अंतर्गत कॉलोनी, हथसारगंज में चोरी के दौरान गोली मारने की घटना के संबंध में सख्ती से पूछताछ किया तो विक्की कुमार सिंह ने बताया कि मैं, दानिश उर्फ सरवा और मोनू कुमार इस घटना में संलिप्त हैं।

आशियाना कॉलोनी में रेकी करने के क्रम में एक व्यक्ति ने दानिश उर्फ सरवा को पकड़ लिया, तो उस व्यक्ति पर अपने पास रखे देशी पिस्टल से गोली मार दी और फिर हम तीनों वहां से भाग गए। दानिश उर्फ सरवा और मोनू कुमार ने भी पूछताछ में इस घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की।

सोनार भी गिरफ्तार

विक्की की निशानदेही पर मनीष कुमार के घर पर छापामारी की गई। मनीष ने बताया कि विक्की मुझे चोरी के सोने-चांदी के आभूषण बेचता है, जिसके बदले मैं उसे नकद रुपए देता हूं। आभूषण को मैंने गला कर बेच दिया है।

मनीष कुमार को चोरी के आभूषण खरीदने एवं बेचने में संलिप्तता स्वीकार किए जाने पर गिरफ्तार किया गया। इस प्रकार संगठित गिरोह बनाकर लूट एवं डकैती के प्रयोजन से एकत्रित होना, अवैध अग्नेयास्त्र एवं चोरी करने का औजार रखना तथा चोरी की गई सामान की बरामदगी एक संगीन अपराध है।

पुलिस ने सभी 5 गिरफ्तार और 1 फरार व्यक्ति के विरुद्ध आर्म्स एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज किया है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी चल रही है।

बरामद सामान

  • एक पिस्तौल
  • चार कारतूस
  • नकद 4,96,267 रूपये
  • 34.87 ग्राम सोना का आभूषण
  • 351.72 ग्राम चांदी का आभूषण
  • एक स्लाइड रिंच
  • हेक्सा ब्लेड एवं पेचकस
  • एक मोबाइल

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।