हाजीपुर-मुजफ्फरपुर मार्ग पर गाड़ी की टक्कर से युवक की मौत, परिजनों में मचा कोहराम; जांच में जुटी पुलिस
हाजीपुर-मुजफ्फरपुर NH-22 पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में 26 वर्षीय मुकुंद कुमार की मौत हो गई। अज्ञात वाहन की टक्कर ...और पढ़ें

गाड़ी की टक्कर से युवक की मौत
HighLights
हाजीपुर-मुजफ्फरपुर NH-22 पर दर्दनाक सड़क हादसा।
अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की मौत।
पुलिस फरार चालक की तलाश में जुटी।
जागरण संवाददाता, हाजीपुर। हाजीपुर-मुजफ्फरपुर मुख्य मार्ग NH-22 पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में 26 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान गंगा ब्रिज थाना क्षेत्र के कोआरी बुजुर्ग गांव निवासी मुकुंद कुमार (26 वर्ष) के रूप में हुई है। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और इलाके में अफरातफरी का माहौल बन गया।
मिली जानकारी के अनुसार मुकुंद कुमार अपनी बाइक से हाजीपुर की ओर से मुजफ्फरपुर की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान गोरौल थाना के ठीक सामने पीछे से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी तेज थी कि युवक उछलकर सड़क पर गिर गया और गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद वाहन चालक गाड़ी लेकर मौके से फरार हो गया।
मृतक के स्वजन में कोहराम
घटना की सूचना मिलते ही गोरौल थानाध्यक्ष सुनील कुमार, अवर निरीक्षक रंजीत कुमार, अदिति कुमारी एवं अजय कुमार दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिसकर्मियों ने मानवता दिखाते हुए घायल युवक को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, गोरौल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
मौत की खबर मिलते ही मृतक के स्वजन में कोहराम मच गया। गांव में मातम पसरा हुआ है। फिलहाल गोरौल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए हाजीपुर सदर अस्पताल भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस फरार अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश में जुट गई है और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाल रही है।
