विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हाजीपुर के रामाशीष चौक को जाम से मिलेगी मुक्ति, चपुता-सेंदुआरी में बनेगा आधुनिक बस स्टैंड; 44.53 करोड़ मंजूर

Published: Wed, 11 Nov 2026 02:20 PM (IST)

हाजीपुर में आधुनिक बस स्टैंड के निर्माण की राह आसान हो गई है, बिहार कैबिनेट ने भूमि अधिग्रहण के लिए ...और पढ़ें

हाजीपुर में बनेगा अत्‍याधुनिक बस स्‍टैंड। सांकेत‍िक तस्‍वीर

हाजीपुर में बनेगा अत्‍याधुनिक बस स्‍टैंड। सांकेत‍िक तस्‍वीर

HighLights

  1. भूमि अधिग्रहण के लिए 44.52 करोड़ रुपये की स्वीकृति मिली।

  2. चपुता-सेंदुआरी में आधुनिक बस स्टैंड निर्माण की राह हुई आसान।

  3. रामाशीष चौक पर लगने वाले जाम से मिलेगी मुक्ति।

रवि शंकर शुक्ला, हाजीपुर। दशकों के इंतजार के बाद हाजीपुर में आधुनिक बस स्टैंड निर्माण की राह आसान हो गई है।

नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रस्ताव पर मंगलवार को हुई बिहार कैबिनेट की बैठक में बस स्टैंड के लिए भूमि अधिग्रहण मद में 44 करोड़ 52 लाख 44 हजार 800 रुपये की स्वीकृति दी गई है।

सदर प्रखंड के चपुता-सेंदुआरी क्षेत्र में प्रस्तावित इस बस स्टैंड के निर्माण से उत्तर बिहार के प्रवेश द्वार रामाशीष चौक पर लगने वाले जाम से राहत मिलने की उम्मीद है। हाजीपुर के लोग लंबे समय से व्यवस्थित बस स्टैंड की मांग कर रहे थे।

इस दिशा में मार्च में हाजीपुर के भाजपा विधायक अवधेश सिंह ने बिहार राज्य भवन निर्माण निगम लिमिटेड (BUIDCO) के अधिकारियों और पटना से पहुंची तकनीकी टीम के साथ प्रस्तावित स्थल का निरीक्षण किया था। इस दौरान बस स्टैंड की संरचना, यातायात व्यवस्था और यात्रियों की सुविधाओं को लेकर चर्चा हुई थी।

चपुता-सेंदुआरी में प्रस्तावित है बस स्टैंड

सदर प्रखंड का चपुता-सेंदुआरी क्षेत्र बस स्टैंड के लिए प्रस्तावित है। इसकी भौगोलिक स्थिति और सड़क संपर्क को देखते हुए इसे उपयुक्त स्थल माना जा रहा है।

यहां से हाजीपुर शहर के अलावा आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों और दूसरे जिलों के लिए बसों का परिचालन सुगम हो सकेगा।

स्थल निरीक्षण के दौरान अधिकारियों और इंजीनियरों ने जमीन की स्थिति, यातायात की संभावनाओं और तकनीकी पहलुओं का अध्ययन किया था।

विधायक ने अधिकारियों से भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखकर बस स्टैंड की रूपरेखा तैयार करने को कहा था।

यात्रियों को मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं

प्रस्तावित बस स्टैंड को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित करने की योजना है। यहां यात्रियों के लिए प्रतीक्षालय, शौचालय, पेयजल, पार्किंग, टिकट काउंटर और डिजिटल सूचना प्रणाली जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रस्ताव है।

सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे, अग्निशमन व्यवस्था और पर्याप्त प्रकाश का भी इंतजाम किया जाएगा। महिलाओं और बुजुर्गों की सुविधा का भी ध्यान रखा जाएगा।

रामाशीष चौक को जाम से मिलेगी राहत

फिलहाल हाजीपुर में बसों के संचालन के लिए व्यवस्थित और आधुनिक बस स्टैंड नहीं होने से यात्रियों के साथ आम लोगों को भी परेशानी होती है।

सड़क किनारे और अस्थायी स्थानों से बसों के परिचालन के कारण कई जगह जाम की स्थिति बनती है। नया बस स्टैंड बनने के बाद बसों का परिचालन निर्धारित परिसर से होने लगेगा।

इससे रामाशीष चौक और आसपास के इलाकों में यातायात का दबाव कम होने की उम्मीद है। बस स्टैंड के निर्माण और संचालन से स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। दुकानों, खानपान केंद्रों, ऑटो और टैक्सी जैसी परिवहन सेवाओं को भी बढ़ावा मिल सकता है।

जल्द निर्माण शुरू कराने की पहल

भूमि अधिग्रहण के लिए राशि स्वीकृत होने के बाद विधायक अवधेश सिंह ने संबंधित अधिकारियों से आवश्यक प्रक्रिया शीघ्र पूरी कर निर्माण कार्य शुरू कराने को कहा है।

उन्होंने कहा कि बस स्टैंड का निर्माण हाजीपुर के विकास और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे शहर के साथ आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को भी सुविधा मिलेगी।

MLA

हाजीपुर में आधुनिक बस स्टैंड का निर्माण क्षेत्र की पुरानी मांग रही है। भूमि अधिग्रहण के लिए राशि की स्वीकृति मिलने से इस दिशा में काम आगे बढ़ेगा। संबंधित अधिकारियों से आवश्यक प्रक्रिया जल्द पूरी कर निर्माण कार्य शुरू कराने को कहा गया है। बस स्टैंड बनने से यात्रियों को बेहतर सुविधा मिलेगी और रामाशीष चौक पर जाम की समस्या कम होगी।

अवधेश सिंह, विधायक, हाजीपुर

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।